होर्मुज़ पार करते ही बढ़ी उम्मीद-LPG सप्लाई पर सरकार का बड़ा बयान
सरकार ने जानकारी दी कि 46,313 टन एलपीजी लेकर आ रहा मार्शल आइलैंड का गैस टैंकर ‘सर्व शक्ति’ सुरक्षित रूप से होर्मुज़ जलडमरूमध्य पार कर चुका है और 13 मई तक विशाखापत्तनम पहुंचने की उम्मीद है। पश्चिम एशिया संकट के बावजूद देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और घरेलू आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं तथा जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।
नयी दिल्ली : सरकार ने बताया है कि भारत के लिए 46 हजार 313 टन एलपीजी लेकर आ रहे मार्शल आईलैंड के एक गैस टैंकर सर्व शक्ति ने शनिवार को सुरक्षित रूप से होर्मुज़ जलडमरूमध्य पार कर लिया और इसके 13 मई को विशाखापत्तनम पहुंचने की उम्मीद है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर ऊर्जा तथा अन्य क्षेत्रों की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए रविवार को जारी वक्तव्य में कहा कि इस गैस टैंकर पर 18 भारतीय नाविक भी सवार हैं और वे सभी सुरक्षित हैं।वक्तव्य में कहा गया है कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के कारण एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित है। इसे देखते हुए घरेलू परिवारों को एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है और एलपीजी वितरकों के यहां किसी भी प्रकार की कमी की कोई सूचना नहीं मिली है।
कल उद्योग स्तर पर ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग 99 प्रतिशत तक बढ़ गई। देश भर में शनिवार को लगभग 47 लाख घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए, जबकि बुकिंग लगभग 47.4 लाख सिलेंडरों की थी।इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने 5 किलोग्राम एफटीएल सिलेंडरों के लिए 10,100 से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए और 3 अप्रैल से अब तक लगभग 1,75,000 एफटीएल सिलेंडर बेचे हैं। कंपनियों ने अप्रैल से अब तक कुल 11,082 टन ऑटो एलपीजी की बिक्री की है।
देश में सभी रिफाइनरी उच्च क्षमता पर संचालित हो रही हैं और उनके पास पर्याप्त कच्चे तेल का भंडार है, जबकि पेट्रोल और डीज़ल के पर्याप्त भंडार बनाए रखे जा रहे हैं। घरेलू खपत के लिए रिफाइनरियों से घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ा दिया गया है।वक्तव्य में कहा गया है कि एलपीजी की जमाखोरी और काला बाज़ारी को रोकने के लिए देशभर में प्रवर्तन कार्रवाई जारी हैं। कल पूरे देश में 1900 से अधिक छापे मारे गए।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने आकस्मिक निरीक्षणों को और मजबूत किया है तथा 349 एलपीजी वितरकों पर जुर्माना लगाया है, और कल तक 74 एलपीजी वितरकों को निलंबित किया गया है।वक्तव्य के अनुसार संयुक्त अरब अमीरात के सामान्य नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने यूएई के वायु क्षेत्र में सामान्य हवाई नेविगेशन संचालन की पूर्ण बहाली की घोषणा की है और भारतीय और यूएई की एयरलाइंस कल से यूएई से भारत के लिए उड़ानें संचालित कर रही हैं। (वार्ता)
आज खुलेगा पांच राज्यों का चुनावी ‘राज’, किसके सिर सजेगा सत्ता का ताज?



