NationalPoliticsUP Live

भारत की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए हर राष्ट्रभक्त को जुड़ना चाहिए भाजपा से: योगी

गोरखपुर में भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र प्रथम की भावना पर जोर दिया। उन्होंने पार्टी के संघर्षपूर्ण इतिहास, जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया गया। साथ ही अंबेडकर जयंती तक चलने वाले कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई।

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में समाज व देश के लिए जीने की भावना जनसंघ काल से चली आ रही है। उनका जीवन राष्ट्र प्रथम के भाव और इसकी संकल्प सिद्धि के लिए ही समर्पित रहता है। अपने संस्थापकों के सिद्धांतों, मूल्यों व आदर्शों पर चलते हुए कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव से ही आज भाजपा देश ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी राजनीति पार्टी के रूप में प्रतिष्ठित हुई है। सीएम योगी सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर मानसरोवर रामलीला मैदान में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यकर्ताओं को उत्साहित व प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अनंतकाल तक भारत की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए हर राष्ट्रभक्त को भाजपा से जुड़ना चाहिए। हमारा जीवन व्यष्टि नहीं, समष्टि के लिए और व्यक्ति की बजाय राष्ट्र के लिए समर्पित हो, यही प्रेरणा पार्टी के संस्थापकों ने दी है।

कांग्रेस की पृथकतावादी सोच के खिलाफ डॉ. मुखर्जी ने बुलंद की आवाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ/भाजपा की इस राजनीतिक परंपरा के पहले अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक यात्रा को आगे बढ़ाया। उन्होंने देश की अखंडता पर जोर दिया। आजादी के बाद से ही कांग्रेस नेतृत्व की सरकार ने विश्वासघात करना प्रारंभ कर दिया था। यह विश्वासघात हर स्तर पर था। देश के अंदर ही परमिट सिस्टम लागू किया गया, जम्मू कश्मीर को अलग स्टेटस दे दिया गया। शेष भारत के लोग परमिट लेकर वहां जा सकते थे। पूर्वोत्तर राज्यों में भी कुछ जगहों पर यही व्यवस्था लागू की गई। तब पहली बार कांग्रेस की इस पृथकतावादी सोच के खिलाफ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आवाज बुलंद की थी। उन्होंने नारा दिया था – “एक देश में दो प्रधान, दो निशान, दो विधान नहीं चलेंगे।” डॉ. मुखर्जी ने इसके लिए अपना बलिदान भी कर दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय भी भारतीय राजनीति के एक ऐसे विचारक थे, जिन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति के लिए ‘अंत्योदय’ की नई दृष्टि भारतीय राजनीति को दी।

भारत की राजनीति में स्थिरता लाए अटल जी

सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का गठन 6 अप्रैल 1980 को हुआ। तब परिस्थितियां विपरीत थीं, किंतु उन विपरीत स्थितियों में भी एक संकल्प था कि हम भारत की आत्मा पर प्रहार करने की छूट किसी को नहीं देंगे। दुनिया के अंदर ऐसा उदाहरण देखने को नहीं मिलता कि किसी दल को उसके गठन के मात्र 16 वर्ष के अंदर देश की सत्ता प्राप्त हो। ये देश की जनता की अटूट निष्ठा का परिणाम है। जिन मूल्यों और जिन आदर्शों को लेकर भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ, जिसमें राष्ट्र सर्वोपरि का भाव है, राष्ट्र प्रथम का भाव है, उस भाव को देश की जनता ने हाथों-हाथ लिया। प्रधानमंत्री के रूप में अटल जी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करते हुए अंत्योदय की बात की। भारत की राजनीति में स्थिरता लाने का कार्य किया। विकास को बिना भेदभाव हर तबके तक पहुंचाने के अभियान को आगे बढ़ाया, जिसे देश और दुनिया ने सराहा।

जनता को पीएम मोदी के चमत्कारिक नेतृत्व पर विश्वास

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2014 में भारत का सूर्योदय तब होता है, जब गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हैं। तब देश ही नहीं, पूरी दुनिया में एक नया संकल्प गूंजा था। हर व्यक्ति के चेहरे पर एक नई चमक देखने को मिली। वह चमक ऐसे ही नहीं थी। उन्हें मोदी जी के चमत्कारिक नेतृत्व पर विश्वास था। इस बात पर विश्वास था कि मोदी जी आए हैं, कुछ नया जरूर करेंगे। और, मोदी जी ने वह करके दिखाया। पीएम मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने के साथ ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के “एक देश-एक निशान-एक विधान” के सपने को पूरा कर के दिखाया। कश्मीर में धारा 370 को समाप्त करके वहां भी भारत का संविधान लागू कराया। हर गरीब को राशन, आवास, स्वास्थ्य सहित अनेक योजनाओं का लाभ दिया। किसानों को खुशहाल बनाया, नौजवानों को रोजगार दिया। यह इसलिए संभव हो सका कि देश के अंदर भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के मूल्यों, सिद्धांतों से रचा-बसा एक कार्यकर्ता भारत के प्रधानमंत्री के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी पूर्वक कर रहा है।

राममंदिर के रूप में साकार हुआ अटल-आडवाणी का संकल्प

सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में भाजपा ने ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ का जो संकल्प लिया था, वह भी आज डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में अयोध्या में साकार हो गया है। यह मंदिर राष्ट्रमंदिर है।

जो कहा, कर के दिखाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा, वह कर के दिखाया है। और, जो किया वही बोला है। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। आचार और विचार में कोई भेद नहीं है। पार्टी ने उत्तर से लेकर दक्षिण तक, पूरब से पश्चिम तक, एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाया है। ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ के भाव के साथ जिस दल ने अपनी इस यात्रा को यशस्वी ढंग से आगे बढ़ाया है, वह दल है भारतीय जनता पार्टी।

जितना बड़ा संगठन, उतनी ज्यादा चुनौतियां भी

सीएम योगी ने कहा कि अपनी यात्रा में भाजपा ने अनेक कठिनाइयों का सामना किया है। आपातकाल का मुकाबला किया है और राजनीतिक षड्यंत्रों का जवाब दिया है। बिना रुके, बिना डिगे, बिना झुके भारतीय जनता पार्टी की यात्रा आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा कि जितना बड़ा संगठन होगा, उतनी ज्यादा चुनौतियां भी होंगी। भारत आगे बढ़ेगा तो भारत के दुश्मन उसको स्वीकार नहीं कर पाएंगे। वे दुष्प्रचार करेंगे, तमाम प्रकार के षड्यंत्र करेंगे। उन सब की परवाह के बगैर हमें इस यात्रा को एकजुट होकर आगे बढ़ाना है।

अंबडेकर जयंती तक कार्यक्रम, बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर लगेगा छत्र

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भाजपा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में संविधान शिल्पी बाबासाहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल तक होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को बूथ स्तर तक बाबा साहब की प्रतिमाओं के आसपास और स्मृति पार्कों में स्वच्छता का विशेष अभियान चलेगा। इसके बाद वहां 14 अप्रैल को पुष्पांजलि कार्यक्रम होंगे। सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए यह एक बड़ा कार्यक्रम होगा। सरकार ने तय किया है कि प्रदेश भर में जहां कहीं भी बाबा साहब की प्रतिमाएं होंगी, वहां प्रतिमा के ऊपर छत्र लगाने का काम कराया जाएगा। उनकी मूर्ति जहां स्थापित होगी, वहां पार्क की बाउंड्रीवाल का निर्माण और उसके सौंदर्यीकरण का काम भी सरकार करेगी। उस कार्यक्रम का भी हम शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा जहां कहीं भी सद्गुरु रविदास जी महाराज, रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमाएं होंगी, वहां भी सौंदर्यीकरण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा।

पीएम मोदी व सीएम योगी के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ सर्वोच्च प्राथमिकता: रविकिशन

इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता को सशक्त राष्ट्र चाहिए। उसके लिए सनातन धर्म और बहन-बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। यह कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बखूबी हो रहा है। दोनों के विजन में ‘राष्ट्र प्रथम’ ही सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनका अपना कुछ नहीं है, सब कुछ राष्ट्र के लिए ही है। समारोह में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जनसंघ के संस्थापकों, कार्यकर्ताओं के सभी सपनों को देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरा किया गया है। स्वागत संबोधन भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता ने किया।

इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, नगर निगम के उप सभापति पवन त्रिपाठी, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, अयोध्या से आए संत रामबालक दास, ओमप्रकाश शर्मा, अच्युतानंद शाही, इंद्रमणि उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जनसंघ काल के कार्यकर्ताओं को सीएम ने किया सम्मानित

स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसंघ काल से जुड़े रहे पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। सम्मान किए जाने वाले कार्यकर्ताओं में पूर्व महानगर अध्यक्ष राधेश्याम श्रीवास्तव, पूर्व महानगर उपाध्यक्ष गिरीश चन्द्र वर्मा, हरिप्रकाश मिश्रा, सुशील गोयल, गिरधारी अग्रहरि, राजेश गुप्ता व आनंद गुप्ता शामिल रहे।

भाजपा के स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम भवन पर फहराया पार्टी का झंडा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिंदू सेवाश्रम भवन की छत पर पार्टी का झंडा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने झंडे के सम्मुख पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेल्फी ली और सभी को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि भाजपा की विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है। विस्तार की नहीं, विचार की है। ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है।

भाजपा के स्थापना दिवस पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिये सीएम योगी ने कहा, विश्व के सबसे विशाल राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। भाजपा मात्र एक राजनीतिक संरचना नहीं, बल्कि श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और भारत रत्न श्रद्धेय अटल जी के उदात्त लोकतांत्रिक आदर्शों एवं सात्विक सनातनी जीवन मूल्यों से अभिसिंचित एक जीवंत विचार परंपरा है। राष्ट्र प्रथम की भावना से ओतप्रोत यह राष्ट्रवादी परिवार आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ 145 करोड़ देशवासियों की आशाओं व आकांक्षाओं को निरंतर शक्ति दे रहा है।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में पार्टी का झंडा फहराने के अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, नगर निगम के उप सभापति पवन त्रिपाठी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, पार्षद दुर्गेश बजाज, जंगल कौड़िया के ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, भरोहिया के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा स्थापना दिवस पर रोहनिया में भव्य आयोजन, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

वाराणसी में गोवंश की मौत पर सख्त कार्रवाई, लापरवाही पर कर्मचारी हटाए

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button