UP Live

भाजपा स्थापना दिवस पर रोहनिया में भव्य आयोजन, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

वाराणसी के रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। नेताओं ने पार्टी के इतिहास, राष्ट्रवाद और जनकल्याण की नीतियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया और विकास योजनाओं व उपलब्धियों को साझा किया गया।

वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय रविवार को उत्साह, संगठन शक्ति और वैचारिक प्रतिबद्धता का केंद्र बना रहा। फूलों, रंगोली और आकर्षक लाइटिंग से सजे कार्यालय परिसर में आयोजित भव्य समारोह में भाजपा नेताओं ने पार्टी के संघर्षपूर्ण इतिहास, राष्ट्रवाद और जनकल्याण के संकल्प को विस्तार से रखा। समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और जनसंघ कालीन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। इस दौरान गगनभेदी स्वर में वंदे मातरम् गूंजा।

कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि देश में भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों और समग्र मानवतावाद के आदर्शों से प्रेरित भाजपा सदैव राष्ट्र निर्माण और समाज कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने पार्टी के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा का इतिहास संघर्षों की गौरव गाथा है। वर्ष 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित जनसंघ से प्रारंभ हुई यह यात्रा 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी के रूप में स्थापित हुई, जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी थे। उन्होंने कहा कि 1984 में संसद में सीमित उपस्थिति से शुरू हुई पार्टी ने 1996 में 13 दिन, 1998 में 13 माह और 1999 में पुनः एनडीए सरकार बनाकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

दिलीप पटेल ने कहा कि 2004 से 2014 तक का कालखंड भ्रष्टाचार और आतंकवाद से ग्रस्त रहा, लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद अंत्योदय की परिकल्पना को साकार किया गया। उन्होंने कहा कि गरीबों को आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन, निःशुल्क बिजली कनेक्शन तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। किसानों को किसान सम्मान निधि और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गईं। उन्होंने आगे कहा कि 2019 में पुनः पूर्ण बहुमत से सरकार बनने के बाद विकास के साथ विरासत को भी प्राथमिकता दी गई। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया, मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति मिली, श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भव्य निर्माण हुआ और राम मंदिर अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्मित हुआ।

वैश्विक मंच पर भारत ने बनाई अलग पहचान : हंसराज

भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस केवल एक राजनीतिक दल की स्थापना का स्मरण नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा, सुशासन और भारत को विश्व पटल पर गौरव दिलाने के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अलग पहचान बनाई है।

विधान परिषद सदस्य राय धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना था कि एक देश में दो प्रधान, दो निशान और दो संविधान नहीं चलेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इस स्वप्न को साकार करते हुए अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा।

जनसंघ कालीन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

स्थापना दिवस के अवसर पर जनसंघ कालीन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का विशेष सम्मान किया गया। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा तथा एमएलसी राय धर्मेंद्र राय सिंह ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को माल्यार्पण और अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं दीं।पूरे क्षेत्रीय कार्यालय को फूलों, रंगोली और रोशनी से विशेष रूप से सजाया गया था, जिससे परिसर उत्सवमय दिखाई दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री जेपी दुबे ने किया । समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। प्रारंभ वंदे मातरम् से हुआ और समापन राष्ट्र गान के साथ किया गया।

इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, सुरेंद्र सिंह ओढ़े, राकेश शर्मा, राजेश राजभर, डॉ. सुजीत सिंह, अदिति पटेल, रामप्रकाश दुबे, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी,सुदामा पटेल,अनिल श्रीवास्तव, प्रवीण सिंह गौतम,संतोष सोलापुरकर, संजय सोनकर, सुरेंद्र पटेल, सुरेश सिंह,मधुकर पांडेय,अरविंद पांडेय, शैलेंद्र मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वाराणसी में गोवंश की मौत पर सख्त कार्रवाई, लापरवाही पर कर्मचारी हटाए

मानसून से पहले ड्रेनेज सिस्टम सुधारने सड़क पर उतरे महापौर और नगर आयुक्त

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button