Varanasi

बनारस रेल इंजन कारखाना में ऊर्जा संरक्षण सप्ताह 2025 का शुभारंभ

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 08 से 14 दिसंबर 2025 तक ऊर्जा संरक्षण सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार ने जागरूकता रैली एवं ऊर्जा संरक्षण लीफलेट का विमोचन किया। रैली में अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न संगठनों ने भाग लिया। बरेका में 3.87 मेगावाट सौर संयंत्र के माध्यम से 2024-25 में 4226102 यूनिट हरित ऊर्जा उत्पन्न हुई तथा कार्बन उत्सर्जन में 3169.58 टन की कमी दर्ज की गई।

  • महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया जागरूकता अभियान की शुरुआत

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार के नेतृत्व में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में विद्युत विभाग द्वारा 08 से 14 दिसंबर 2025 तक ऊर्जा संरक्षण सप्ताह 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष सप्ताह का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जन-मानस को ऊर्जा के महत्व के प्रति जागरूक कर ऊर्जा संरक्षण करना है ।

ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के शुभारंभ के अवसर पर आज दिनांक 08 दिसंबर को ऊर्जा संरक्षण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को बरेका प्रशासन भवन से महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली बरेका परिसर के प्रमुख स्थलों – बरेका प्रेक्षागृह, कुंदन, केंद्रीय चिकित्सालय से होते हुए बरेका स्काडा स्टेशन पर समाप्त हुई। इसके पूर्व महाप्रबंधक महोदय ने ऊर्जा संरक्षण के नियमों से युक्त लीफलेट का भी विमोचन किया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “जिस तरह के समाज एवं समय में हम लोग रह रहे हैं, बिना ऊर्जा के किसी भी इच्छा एवं कार्य को पुरा नहीं कर सकते हैं। ऊर्जा के संसाधन पुरे विश्व में सीमित है। हमें अपने और अपने बच्चों के भविष्य के लिए ऊर्जा बचाना चाहिए क्योंकि वर्तमान जीवन शैली में ऊर्जा के बगैर जीवन की कल्पना करना असंभव है। ऊर्जा संरक्षण सप्ताह हमें कम से कम ऊर्जा का उपयोग करने एवं ऊर्जा संरक्षण हेतु प्रेरित करता है।“

इस जागरूकता अभियान में मुख्य रूप से प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री एस.के. श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह के साथ ही रेलवे सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस, बरेका इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं, प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु सहित काफी संख्या में बरेका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने ऊर्जा संरक्षण से संबंधित स्लोगन लिखित तख्तियां लेकर बरेका परिसर में नारे लगाकर ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया। आम जन-मानस को ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता को समझाते हुए इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत बरेका में पोस्टर-बैनर जागरूकता, क्वीज प्रतियोगिता, नुक्कड़-नाटक जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बरेका की ऊर्जा संरक्षण उपलब्धियां – ऊर्जा संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए और गैर-पारंपरिक ऊर्जा संसाधनों के लाभों के लिए, बरेका ने विभिन्न स्थानों पर 3.87 मेगावाट की क्षमता के ग्रिड से जुड़े हुए सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए हैं। बरेका ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 4226102 यूनिट हरित सौर ऊर्जा उत्पन्न की है, जिसके परिणामस्वरूप कार्बन उत्सर्जन में 3169.58 टन की कमी आई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में बरेका में कुल ऊर्जा खपत में सौर ऊर्जा की हिस्सेदारी 20.80 प्रतिशत है।

बाल निकेतन स्कूल भवन को ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी, नई दिल्ली द्वारा शून्य प्लस प्रमाण पत्र प्रदान किया गया तथा बरेका को वित्तीय वर्ष 2024-25 में कार्यशाला क्षेत्र में ऊर्जा संरक्षण के लिए किए गए सराहनीय कार्य के लिए दिसंबर 2024 मे UPNEDA द्वारा एक खुली प्रतियोगिता के माध्यम से प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार बरेका को वित्तीय वर्ष 2022-23 में भी UPNEDA द्वारा प्रदान किया गया था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में डीजी सेट की डीजल खपत में वित्तीय वर्ष 2023-24 की तुलना में 23.16% की कमी आई है।

एथेनॉल उत्पादन में रिकॉर्ड उछाल, देश का एथेनॉल हब बना उत्तर प्रदेश

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button