बरेका में कर्मचारी परिषद (2025–28) का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी में कर्मचारी परिषद (2025-28) का चुनाव 09 जनवरी 2026 को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। कुल 08 निर्वाचन क्षेत्रों में आयोजित चुनाव में 40 उम्मीदवारों ने भाग लिया। कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी के बीच सभी क्षेत्रों के परिणाम घोषित किए गए। बरेका प्रशासन ने सफल निर्वाचन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी।
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी में कर्मचारी परिषद (2025- 28) के लिए आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया आज दिनांक 09 जनवरी 2026 को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह चुनाव बरेका के कुल 08 निर्वाचन क्षेत्रों में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से 40 उम्मीदवारों ने भाग लिया। कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक मतदान में हिस्सा लिया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती प्रदान की।
चुनाव प्रक्रिया के समापन के पश्चात घोषित परिणामों के अनुसार सभी आठ निर्वाचन क्षेत्रों में विजयी प्रतिनिधियों का चयन स्पष्ट बहुमत से हुआ। निर्वाचन क्षेत्र संख्या-1 (कर्मशाला संख्या-1) से श्री प्रदीप कुमार यादव ने 188 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि श्री राजेश कुशवाहा को 123 मत मिले। निर्वाचन क्षेत्र संख्या-2 (कर्मशाला संख्या-2) में श्री सुशील कुमार सिंह ने 340 मतों के साथ जीत दर्ज की।
इसी क्रम में निर्वाचन क्षेत्र संख्या-3 (कर्मशाला संख्या-3) से श्री मनीष कुमार सिंह, निर्वाचन क्षेत्र संख्या-4 (कर्मशाला संख्या-4) से श्री धर्मेन्द्र कुमार सिंह, निर्वाचन क्षेत्र संख्या-5 (कर्मशाला संख्या-5/पर्यवेक्षक) से श्री अमित कुमार, निर्वाचन क्षेत्र संख्या-6 (भंडार) से श्री संतोष कुमार यादव, निर्वाचन क्षेत्र संख्या-7 (कार्मिक, लेखा, चिकित्सा, प्रशासन) से श्री नवीन कुमार सिंहा तथा निर्वाचन क्षेत्र संख्या-8 (सिविल एवं विविध) से श्रीकांत यादव विजयी घोषित किए गए।
बरेका प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे अनुशासन, सहयोग और कर्मचारी सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। साथ ही सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई दी गई और उनसे आशा व्यक्त की गई कि वे कर्मचारी हितों के संरक्षण एवं संगठनात्मक विकास में सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
प्रशासन ने निर्वाचन कार्य में सहयोग प्रदान करने वाले सभी कर्मचारियों, अधिकारियों, चुनाव कर्मियों एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्मिकों के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिनके सामूहिक प्रयास से यह महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।
बरेका बना रेलवे गोल्फ का सिरमौर, 69वीं ऑल इंडिया चैंपियनशिप पर किया कब्ज़ा
65 जिलों के गौ-आश्रय स्थलों पर मजबूत मॉनिटरिंग सिस्टम लागू, शेष में प्रक्रिया जारी



