दिल्ली : भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने दिल्ली जल बोर्ड में 20 करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के प्रमुख मधुर वर्मा ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के सतर्कता विभाग की ओर से प्राथमिक जांच में कॉर्पोरेशन बैंक और जल बोर्ड के अधिकारियों की मिलीभगत से कुछ लोगों द्वारा इस रकम के गबन का खुलासा हुआ। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने इस मामले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
दिल्ली जल बोर्ड ने कॉर्पोरेशन बैंक को विभिन जगहों पर स्वचालित बिल भुगतान संग्रह मशीनें लगाने का काम दिया था, ताकि ग्राहकों को विभिन्न तरीकों से भुगतान में सुविधा हो। इसके बाद कॉर्पोरेशन बैंक ने फ्रैश पे आईटी सॉल्यूशंस को इसका ठेका दे दिया और उसने ऑरम ई-पेमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को यह काम सौंप दिया था। यह काम अक्तूबर 2019 तक के लिए नियत था, जबकि ऑरम ई-पेमेंट्स मार्च 2020 तक रकम लेती रही।



