
बिजली कर्मियों के हड़ताल से गांवों की आपूर्ति बाधित
हड़ताल को देखते हुए सब स्टेशनों पर पुलिस बल तैनात
दुद्धी,सोनभद्र – बिजली विभाग को निजी हाथों में सौंपने के फैसले के विरोध में कर्मचारियों ने रविवार की मध्य रात्रि से हड़ताल का ऐलान कर हड़ताल पर चले गए।उधर हड़ताल के मद्देनजर सभी सब स्टेशनों पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की तैनाती की गई है।तमाम कर्मचारी संघ व सरकार के प्रतिनिधि के बीच वार्ता विफल होने के बाद कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया।इसके चलते रविवार की देर रात से कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई।रविवार को शाम बारिश ने भी हड़ताल पर जाने वाले कर्मचारियों का साथ दिया और बारिश के कारण 33 हजार पॉवर लाइन में फाल्ट हो गई। जिससे रविवार रात से ही बिजली गुल हो गई।किसी तरह रात बिताने के बाद सुबह लोग पानी के लिए नलों तक गए तो वहाँ नलों की टोटियां सुखी मिली ।इसलिए सुबह सुबह लोग पानी के लिए इधर उधर भटकते नजर आए।पावर हाउस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दुद्धी उप खण्ड क्षेत्र में अमवार ,डूमरडीहा,केवाल, नधिरा ,जरहा सहित अन्य सब स्टेशन से जुड़े 33 हाजर मेन पावर लाइन फाल्ट होने से सभी क्षेत्रों में रातभर अंधेरा पसरा रहा।हालांकि बिजली कर्मचारियों के हड़ताल को देखते हुए तहसील प्रशासन इससे निपटने के लिए वैकल्पिक इंतजामों की व्यवस्था की है। तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें एक राजस्व कर्मचारी तथा दो – दो बिजली विभाग की संविदा कर्मियों के अलावा पुलिस को लगाया गया है।लेकिन ये कर्मचारी बिजली व्यवस्था कितना सुचारू रख पाते हैं यह तो आगे ही पता चल सकता है। बिजली विभाग के कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से लोगों की मुश्किलें अभी से ही बढ़ने लगी है। क्योंकि बाधित बिजली व्यवस्था ठीक करने के उन्हें पॉवर हाउस से शट डाउन लेना पड़ेगा और हड़ताल के कारण वहां कोई भी कर्मचारी शट डाउन के लिए नही जाएगा।इसलिए दुद्धी कस्बे को छोड़कर अन्य सभी क्षेत्र के लोगों को आज रात भी बिना बिजली के ही बितानी पड़ सकती हैं और अगर शाम तक सरकार की तरफ से कोई ठोस पहल नहीं की जाती है तो बिजली विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल अनवरत जारी रह सकती है। ऐसे में लोगो की मुश्किलें बढ़नी तय मानी जा रही हैं।



