Breaking News

पं. दीनदयाल उपाध्याय जं. के पास मालगाड़ी के आठ वैगन पटरी से उतरे

चंदौली जिले में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के आउटर पर आज सुबह एक कंटेनर मालगाड़ी के आठ वैगन पटरी से उतर गये जिससे पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं. और प्रयागराज जंक्शन के बीच डाउन लाइन पर यातायात प्रभावित हुआ और कम से कम दस गाड़ियों का रास्ते में बदलाव करना पड़ा एवं एक गाड़ी रद्द करनी पड़ी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं. और प्रयागराज जंक्शन के मध्य डाउन लाईन पर ब्लॉक हट ‘के’ और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं. के न्यू वेस्ट केबिन के बीच (कि.मी.-675) के निकट आज प्रातः 06.45 बजे एक कंटेनर मालगाड़ी के 08 वैगन पटरी से उतर गए। इससे प्रयागराज और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं. के मध्य डाउन लाइन पर आवागमन अवरूद्ध हो गया।

हालांकि पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं. से वाराणसी होकर प्रयागराज एवं लखनऊ के मार्ग पर यातायात सामान्य है और करीब सात गाड़ियों को इसी रास्ते से तथा तीन गाड़ियों को व्यासनगर-पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं. के रास्ते चलाया गया है। एक गाड़ी को रद्द किया गया है।दुर्घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ रेल अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हो गये। परिचालन पुनर्बहाली का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया जिसमें 03 क्रेन को लगाया गया।

Related Articles

Back to top button