State

ईडी की टीम ने रिमांड के दौरान हेमंत सोरेन से जमीन घोटाले मामले में पूछताछ शुरू की

ईडी कोर्ट ने हेमंत सोरेन को विधानसभा में 5 फरवरी को विश्वास मत के दौरान उपस्थित होने की अनुमति दी

रांची : झारखंड मेंईडी की टीम जमीन घोटाले मामले में गिरफ्तार पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से लेकर शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में ईडी के हिनू स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंची।इस दौरान सुरक्षा में सीआरपीएफ और जिला पुलिस मौजूद थी।सूत्रों ने बताया कि ईडी की टीम हेमंत सोरेन से जमीन घोटाले मामले में पूछताछ शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि ईडी ने हेमंत सोरेन को 31 जनवरी की रात गिरफ्तार किया था। इसके बाद एक फरवरी को हेमंत सोरेन को ईडी ने कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने रिमांड के मामले में सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। फिर दो फरवरी को ईडी कोर्ट ने तीन फरवरी से पांच दिनों तक हेमंत सोरेन को ईडी रिमांड पर भेजा दिया था।कोर्ट ने ईडी को पुलिस रिमांड के दौरान हेमंत सोरेन का मेडिकल चेकअप कराते रहने का निर्देश दिया था। साथ ही किसी तरह की शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना नहीं करने को भी कहा था। इसके अलावा कोर्ट ने पूछताछ के दौरान हेमंत सोरेन को अपने परिवार के सदस्य और अपने वकील से मुलाकात करने की छूट दी थी। मुलाकात की अवधि 30 मिनट निर्धारित की थी।

ईडी कोर्ट ने हेमंत सोरेन को विधानसभा में 5 फरवरी को विश्वास मत के दौरान उपस्थित होने की अनुमति दी

झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन सरकार के पांच फरवरी को सदन में विश्वास मत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विधानसभा में उपस्थित होने की अनुमति ईडी कोर्ट ने दे दी है।ईडी के विशेष न्यायाधीश दिनेश राय की अदालत ने शनिवार को दोनों पक्षों को सुनने के बाद हेमंत सोरेन को विश्वास मत के दौरान सुबह 11:00 बजे विधानसभा में उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।महाधिवक्ता राजीव रंजन और अधिवक्ता प्रदीप चंद्रा ने हेमंत सोरेन की ओर से पक्ष रखा। बहस के दौरान अदालत को बताया गया कि राज्यपाल ने पांच फरवरी को सुबह 11:00 बजे चम्पाई सोरेन सरकार के विश्वास मत के लिए समय निर्धारित किया है।

हेमंत सोरेन अभी ईडी के न्यायिक हिरासत में हैं, इसलिए उन्हें विधानसभा सत्र में विश्वास मत के दौरान उपस्थित रहने की अनुमति दी जाये। अदालत ने दोनों पक्ष को सुनने के बाद हेमंत सोरेन को विधानसभा में विश्वास मत के दौरान उपस्थित रहने की अनुमति दे दी है।उल्लेखनीय है कि शनिवार से हेमंत सोरेन पांच दिनों के ईडी के रिमांड पर हैं। इससे पूर्व ईडी ने 31 जनवरी को देर रात जमीन घोटाले के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया था और एक फरवरी को कोर्ट में पेश किया था। दो फरवरी को अदालत ने पांच दिन की पूछताछ के लिए उनसे ईडी को इजाजत दी है।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button