
बीजिंग । चीन में जोरदार भूकंप आया है। भूकंप से भारी तबाही हुई है। सैकड़ों लोगों की मौत हो गई और मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। चीन की सरकारी मीडिया ने मंगलवार को बताया कि उत्तर-पश्चिमी चीन के ठंडे और पहाड़ी इलाके में सोमवार आधी रात को आए भूकंप में कम से कम 116 लोगों की मौत हो गई। इस भूकंप की तीव्रता 6.2 बताई जा रही है। इस भूकंप से गांसु और किंघई प्रांत में काफी नुकसान हुआ है। प्रांतीय आपातकालीन प्रबंधन विभाग के प्रवक्ता हान शुजुन ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।स्थानीय समयानुसार सोमवार देर रात करीब 11:59 बजे आया था जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.2 मापी गयी। भूकंप का केन्द्र जमीन से 10 किमी गहराई में गांसु के एक काउंटी से लगभग आठ किमी दूर था। घटना में 199 लोग घायल हुए हैं और 6,381 घरों को नुकसान पहुंचा है।तेज भूकंप के झटकों से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गयीं और कुछ क्षेत्रों में बिजली तथा दूरसंचार ठप हो गया है। क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचों की मरम्मत के लिए कार्य जारी है।



