
- पंजाब से की अपील- हमारी सरकार यहां भी बनवाइए, 48 घंटे में माफिया की कमर तोड़ दी जाएगी
मोहाली : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंजाब के आनंदपुर साहिब लोकसभा सीट से उम्मीदवार डॉ. सुभाष शर्मा के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। सीएम ने गुरु गोविंद सिंह, गुरु तेगबहादुर, शहीद ए आजम भगत सिंह को नमन कर इस भूमि को प्रणाम किया। मुख्यमंत्री यहां आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर खूब बरसे। बोले कि पंजाब में भाजपा सरकार बनवा दो, माफिया की कमर तोड़ दी जाएगी।
पंजाब में भाजपा सरकार बनवाए, जितने बुलडोजर चाहिए, यूपी से भेज दूंगा
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और आप का गठबंधन पंजाब को अराजकता की तरफ ले जाने की साजिश का हिस्सा है। इसे खारिज कराने की अपील और पंजाब में सुभाष शर्मा को बुलडोजर की चाबी देने आया हूं। पंजाब में अगली सरकार भाजपा की बनाइए, जितना मांगेंगे-यूपी से बुलडोजर भेज दूंगा। भाजपा सरकार बनते ही 48 घंटे के अंदर यहां सैंड, कैटल, ड्रग और भूमाफिया की कमर तोड़कर नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की संपत्ति जब्त कराकर गरीबों के मकान बनाएंगे। आप पर बरसते हुए योगी ने कहा कि मैंने अपने जीवन में आम आदमी पार्टी जैसी झूठ बोलने वाली पार्टी देखी ही नहीं। यह डंके के चोट पर ईमानदारी की घोषणा करती थी, लेकिन इन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा और चार्जशीट दाखिल हुई। इसके एक दर्जन से अधिक नेता जेल और बेल पर हैं। कांग्रेस के समय रिमोट से सरकार चलती थी, आप के समय पंजाब में जेल से चल रही है। यह लोग पंजाब की भावना से खिलवाड़ कर रहे हैं।
देश की सुरक्षा का ढाल बना पंजाब
सीएम योगी ने कहा कि पंजाब ने देश को बहुत कुछ दिया। देश की सुरक्षा का ढाल बना। विपरीत परिस्थितियों में भारत को संबल प्रदान किया। 70 वर्ष में पंजाब ने जिन लोगों को कमान सौंपी, वे इस राज्य को कहां ले गए। एक ओर नए भारत, एक भारत-श्रेष्ठ भारत का दर्शन हो रहा है तो दूसरी तरफ पंजाब आज बेहाल है। अयोध्या में 500 वर्ष का इंतजार समाप्त हुआ। गुरुनानक देव, गुरु गोविंद सिंह महराज और निहंगों ने अग्रिम पंक्ति में खड़ी होकर लड़ाई लड़ी, उस अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो गया। राम के प्रति गुरु गोविंद सिंह की आस्था को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
यूपी के माफिया की तरह गिड़गिड़ा रहा है पाकिस्तान
सीएम योगी ने कहा कि एक तरफ मोदी जी के नेतृत्व में भारत का सम्मान दुनिया में बढ़ रहा। भारत की सुरक्षा बढ़ रही है। संकट आने पर दुनिया भारत और मोदी की तरफ देखती है, लेकिन कांग्रेस शासन के समय सीमाएं सुरक्षित नहीं थीं। दिल्ली, मुंबई, काशी, अयोध्या में विस्फोट होते थे। सीमापार के आतंकवादियों के सामने घुटना टेकने वाली कांग्रेस को जनता के सामने जाने का अधिकार नहीं है। अब भारत की ताकत से घबड़ाया पाकिस्तान यूएन में जाकर कहता है कि भारत पाकिस्तान के अंदर घुसकर मार रहा है। हमारी जान बचाओ। पाकिस्तान वैसे ही गिड़गिड़ा रहा है, जैसे यूपी के माफिया गिड़ागिड़ाकर कहते हैं कि जान बख्श दो। वे गले में तख्ती लगाकर थाने जाते हैं और कहते हैं कि ठेला लगाकर पेट भर लूंगा, लेकिन किसी के साथ अन्याय नहीं करूंगा।
कहीं एक दूसरे को गाली दे रहे तो कहीं गठजोड़ कर रहे कांग्रेस-आप वाले
सीएम योगी ने कहा कि देश में सुरक्षा, सम्मान, विरासत का सम्मान है। अयोध्या में भगवान राम मंदिर का भव्य निर्माण हो गया है तो करतापुर साहिब में कॉरिडोर भी बन गया। गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों ने सरहिंद के लिए खुद को बलिदान किया था। उनके नाम पर 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने का कार्यक्रम मोदी जी ने घोषित किया है। एक तरफ मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत में सब कुछ हो रहा है तो दूसरी तरफ कांग्रेस और आप का गठबंधन कहीं पानी पीकर एक-दूसरे को गाली दे रहा है। पंजाब को बर्बाद करने के लिए दोनों ने गठजोड़ कर लिया है।
पंजाब को आतंकवाद की तरफ ढकेलने की साजिश कर रही कांग्रेस-आप
कांग्रेस और आप का गठबंधन पंजाब को पुराने दौर में ले जाने की चेष्टा कर रहा है। यह लोग पंजाब को आतंकवाद की तरफ ढकेलने की साजिश कर रहे हैं। यहां सैंड, ड्रग, कैटल, भूमाफिया हावी हैं। 2017 के पहले यूपी में भी माफिया हावी थे। 2017 में मैं सीएम बना तो पीएम ने कहा कि बड़ी चुनौती है। वहां पहले सिखों के खिलाफ सहारनपुर समेत जगह-जगह दंगे होते थे। पंजाब के ट्रांसपोर्टर यूपी होते हुए जाते हैं, लेकिन अब यूपी में उनसे वसूली या लूटपाट नहीं होती। यूपी के माफिया मिट्टी में मिल गए। वहां माफिया नहीं, महोत्सव होता है। गुरु नानक देव का प्रकाशोत्सव, गुरु तेग बहादुर का बलिदानी दिवस, वीर बाल दिवस, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, दीपोत्सव, देव दीपावली, रंगोत्सव यूपी की पहचान बन गई है।
गुरु तेग बहादुर ने सनातन की ढाल बनकर औरंगजेब को जवाब दिया था
सीएम ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र कहता है कि सभी की संपत्ति का सर्वे कराकर आधा हिस्सा वरासत टैक्स के रूप में लेकर घुसपैठी रोंहिग्याओं को दे देंगे। वरासत टैक्स औरंगजेब का जजिया कर है। तेग बहादुर महराज ने सनातन की ढाल बनकर औरंगजेब को जवाब दिया था। पंजाब की धरती ने आतंक रोकने की पूरी कोशिश कर उन्हें विफल किया था, लेकिन आज औरंगजेब की आत्मा कांग्रेस व आम आदमी पार्टी में घुस गई है। इसे फिर से जीवित नहीं होने देना है। सीएम ने कहा कि अयोध्या, करतारपुर कॉरिडोर, काशी के बाद अब हम लोग मथुरा की तरफ रुख करने वाले हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री व पंजाब के प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत, लोकसभा प्रभारी केवल सिंह ढिल्लो, भाजपा के जिलाध्यक्ष संजीव वशिष्ठ, राजस्थान से विधायक महंत बालकनाथ, सुखविंदर सिंह गोल्डी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमनदीप राजू बालिया आदि की मौजूदगी रही।
पंजाब के युवाओं को ड्रग माफिया की चपेट में देखकर रोता है मेरा हृदयः योगी
लुधियाना : इस चुनाव में एक तरफ सुरक्षा, विकास, गरीब कल्याण व विरासत का सम्मान करने वाली भारतीय जनता पार्टी है तो दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन है। आम आदमी पार्टी अब दागी पार्टी बन चुकी है। यह देश का पहला राजनीतिक दल है, जिसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई है। आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ी हुई थी, लेकिन इसके एक दर्जन नेता भ्रष्टाचार के मामले में ही आज जेल-बेल पर हैं। यह पंजाब की भावना के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। पंजाब ने समृद्धि के नए मानक गढ़े हैं, लेकिन अब यहां माफिया हावी हो गए हैं। पंजाब का युवा सुरक्षा करने के बाद अपना पसीना बहाकर हरित क्रांति के सपने को साकार करता था। पंजाब के कारण भारत सोने की चिड़िया कहलाने का हकदार था पर आज यहां के युवाओं को ड्रग माफिया की चपेट में देखकर मेरा हृदय रोता है। पंजाब की स्थिति देखकर दुख होता है कि कांग्रेस और आप इसे कहां लेती गई। यह दिल्ली में मिलकर लड़ेंगे और पंजाब में आरोप-प्रत्यारोप करेंगे। पूरे इंडी गठबंधन का यही हाल है। इनका देश से कोई लेना-देना नहीं है।
उक्त बातें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने लुधियाना लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रवनीत सिंह बिट्टू और फतेहगढ़ से प्रत्याशी गेजाराम के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया।
यूपी का चुनाव छोड़ यहां आया हूं
सीएम योगी ने कहा कि मैं और रवनीत सिंह बिट्टू साथ सांसद थे। वे भले ही दूसरी पार्टी में थे, लेकिन राम मंदिर, देश और पंजाब के विकास की चर्चा करते थे। मैं यूपी का चुनाव छोड़कर लोकसभा चुनाव की अंतिम जनसभा लुधियाना में करने आया हूं। अगर ऐसे युवा के लिए कांग्रेस और आप के मन में सम्मान नहीं है तो पंजाब के लिए भी सम्मान नहीं है। दोनों पार्टियां देश को आतंकवाद की आग में झोंक रही हैं। अराजकता पैदा करना चाहती हैं।
पूरा देश कह रहा, अबकी बार-400 पार
योगी ने कहा कि हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि जिस पंजाब की धरती से गुरु नानक देव ने जाकर अयोध्या में तत्कालीन राम मंदिर का दर्शन किया था। गुरु गोविंद सिंह ने निहंगों की फौज भेजी थी। गुरु गोविंद सिंह महराज ने राम जन्मभूमि के लिए राम अवतार के नाम पर सर्ग लिखा था। गुरुओं के संकल्प को मोदी जी के नेतृत्व में करने में पूरा करने में हमें सफलता प्राप्त हुई है। इसलिए पूरा देश फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार-400 पार कह रहा है। 400 पार की बात सुनकर कांग्रेस और आप को चक्कर आता है, क्योंकि इनके पास इतनी सीटों पर लड़ने की क्षमता ही नहीं है।
सत्ता की लालसा में करतारपुर साहिब को भूल गई थी कांग्रेस
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस को सत्ता की इतनी लालसा थी कि गुरु नानक देव की पावन स्थली करतारपुर साहिब को यह लोग भूल गए थे। मोदी जी ने करतारपुर कॉरिडोर बनाकर भारत के गौरव को बढ़ाया और गुरु परंपरा को सम्मान दिया। सनातन की ढाल बनकर गुरु तेगबहादुर ने शहादत दी थी। गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों ने खुद को बलिदान कर दिया था। कांग्रेस की सरकार ने इन्हें सम्माान नहीं दिया, लेकिन इनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए मोदी सरकार ने 26 दिसंबर को वीर बालक दिवस मनाने का फैसला किया। यह हमारे युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।
यूपी के सीएम आवास पर गुरुग्रंथ साहिब को सिर पर ले जाकर कराते हैं कीर्तन
योगी ने कहा कि यूपी में आने के बाद 26 दिसंबर की तिथि को वीर बाल दिवस के रूप में मनाना शुरू किया। यूपी के सीएम आवास पर गुरुग्रंथ साहिब को सिर पर ले जाकर कीर्तन कराते हैं। हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है, क्योंकि यह विरासत को सम्मान और भारत की सुरक्षा कर रही है। अब दुनिया का कोई दुश्मन भारत की सीमा का अतिक्रमण नहीं कर सकता, लेकिन पहले देश में जगह-जगह आतंकी विस्फोट होते थे। हम कांग्रेस सरकार से कहते थे कि आतंकवादियों को मुंह तोड़ जवाब दो, लेकिन यह सीमापार का आतंकी कहकर बहाना बनाते थे।
सरकार बनने पर पंजाब को 48 घंटे में माफिया मुक्त करेंगे
सीएम ने अपील की कि रवनीत सिंह बिट्टू को चुनाव जिताकर भेजिए। इनके साथ यूपी का बुलडोजर भेज दूंगा, जिससे यहां के माफिया को वैसे ही रौंदने का कार्य करेगा जैसे यूपी में हुआ है। 2017 के पहले जो माफिया यूपी में समानांतर सरकार चलाते थे, जिनके कारण संवैधानिक पद पर बैठे लोगों का प्रोटोकाल समाप्त हो जाता था। आज वहां माफिया मिट्टी में मिल गया। यूपी में आज गैंगस्टर, यूपी, कैटल, भूमाफिया नहीं है। वहां नो कर्फ्यू, नो दंगा है, क्योंकि वहां सब चंगा है। पंजाब में अगली सरकार भाजपा की लेकर आएंगे और 48 घंटे के अंदर माफिया मुक्त करके गुरु की वाणी की भूमि बनाने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर लुधियाना से भाजपा प्रत्याशी रवनीत सिंह बिट्टू, फतेहगढ़ के प्रत्याशी गेजाराम,रकग पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, पंजाब के महामंत्री अनिल सरीन, सचिव रेनू थापर, कोषाध्यक्ष गुरुदेव शर्मा, लुधियाना शहर के जिलाध्यक्ष रजनीश धीमान, ग्रामीण के जिलाध्यक्ष रमिंदर सिंह, इंद्रपाल सिंह धारीवाल, प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल, पूर्व सांसद अमृत सिंह, कैलाश चौधरी, राजस्थान के विधायक बालक नाथ आदि की मौजूदगी रही।



