
आवागमन में फजीहत से बन्द ट्रेनों को चलाने की मांग हुई तेज
नगर चेयरमैन, बार अध्यक्ष समेत वकीलों ने एसएम को सौंपा ज्ञापन
दुद्धी, सोनभद्र- जनपद के आदिवासी बाहुल्य अति प्राचीन तहसील मुख्यालय दुद्धी से गंतव्य के लिए आवागमन में हो रही परेशानियों को लेकर कई जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों ने कोरोना काल में बन्द हुए ट्रेनों का परिचालन पुनः कराने की मांग को लेकर जीएम रेलवे को नामित ज्ञापन एसएम दुद्धी को सौंपा। शनिवार को नगर चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, दुद्धी बार अध्यक्ष कैलाश कुमार गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र श्रीवास्तव, प्रेमचंद यादव,रामपाल जौहरी, कुलभूषण पांडेय, भाजपा नेता दिलीप पांडेय समेत कई लोगों ने दुद्धी से आवागमन में हो रही दिक्कतों पर रेलवे से बंद ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ करने की मांग की है।

जीएम को दिये गए ज्ञापन में जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि दुद्धी से लखनऊ, इलाहाबाद, दिल्ली, पटना आदि स्थानों के लिए ट्रेन बन्द होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।बस आदि साधनों से आने जाने में कई गुना अधिक भाड़ा खर्च करना पड़ रहा है।यह एक आदिवासी बाहुल्य गरीब इलाका है।रेलवे द्वारा उपलब्ध संसाधन से क्षेत्रीयजन दवा इलाज समेत अन्य कार्यों के लिए आवागमन का कार्य कम खर्च भाड़ा में कर लेते हैं। जनहित में इन रूटों पर चलने वाली ट्रेनें गोमो चोपन बरवाडीह पैसेंजर, बरवाडीह से लखनऊ-टनकपुर वय चोपन त्रिवेणी एक्सप्रेस वे चोपन रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन शीघ्र शुरू की जाये। जनप्रतिनिधियों ने जनहित रेलवे प्रशासन से इस रूट से चलने वाली ट्रेनों का परिचालन शीघ्र शुरू करने की मांग की है।अधिवक्ताओं ने इसके पूर्व सम्पूर्ण समाधान दिवस पर भी एसडीएम को भी ज्ञापन सौंपकर बन्द ट्रेनों के पुनः परिचालन शुरू करने की मांग की। इस मौके पर रामेश्वर तिवारी, प्रभु सिंह, संतोष कुमार, आनंद कुमार, पीयूष अग्रहरि समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।



