गोरखपुर। गोरखपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक घटना में डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स (DSC) के एक जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। मृतक जवान की पहचान 49 वर्षीय जितेन्द्र सिंह के रूप में हुई है, जो एयरपोर्ट के रनवे क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने अपनी AK-103 रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही आसपास तैनात अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। मेडिकल टीम को बुलाया गया, लेकिन तब तक जवान की मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह या मानसिक तनाव को इसका संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जितेन्द्र सिंह मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के मतेर थाना क्षेत्र के अंकोल गांव के निवासी थे। वे भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स के माध्यम से गोरखपुर एयरपोर्ट पर तैनात थे और वर्तमान में गोरखपुर के झरना टोला क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे।
सहकर्मियों के अनुसार, जितेन्द्र सिंह एक शांत स्वभाव, अनुशासित जीवनशैली और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। उनकी अचानक हुई आत्महत्या से पूरा स्टाफ स्तब्ध है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है, और उनकी पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स (DSC) के तहत देशभर के हवाई अड्डों, सैन्य प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण इमारतों की सुरक्षा में सेना से सेवानिवृत्त जवानों की सेवाएं ली जाती हैं। जितेन्द्र सिंह भी ऐसे ही सैनिक थे, जो सेवानिवृत्ति के बाद पुनः राष्ट्रसेवा में जुटे हुए थे।
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर पीपीगंज में बैठक सम्पन्न, स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर फहराया जाएगा तिरंगा
संभल के साथ पाप करने वालों को मिलेगी सजा, दंगाइयों पर बरस रहा महाकाल का प्रकोप : योगी आदित्यनाथ



