1.80 करोड़ की ड्रेन मास्टर मशीन से होगी नालों की सफाई, महापौर ने किया लोकार्पण
वाराणसी नगर निगम ने मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने 1.80 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक एमीफीबियस ड्रेन मास्टर मशीन का लोकार्पण किया। यह मशीन नालों, तालाबों और गंगा-वरुणा में जमी सिल्ट हटाने में सक्षम है।
वाराणसी : नगर निगम शहर में मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है। इस क्रम में नालों की सफाई का कार्य अभी से जारी है । वहीं नालों की सफाई को और गति देने के लिए गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने 1.80 करोड़ रुपये की लागत वाली अत्याधुनिक एमीफीबियस ड्रेन मास्टर मशीन का लोकार्पण किया। उद्घाटन के बाद महापौर ने स्वयं मशीन चलाकर उसकी कार्यप्रणाली को परखा। यह मशीन अपनी विशिष्ट तकनीक के कारण सूखे स्थान, गहरे कीचड़ और पानी, तीनों ही परिस्थितियों में सुचारू रूप से कार्य करने में सक्षम है। 30 टन प्रतिदिन की कचरा निस्तारण क्षमता वाली इस मशीन का मुख्य उपयोग शहर के बड़े नालों, पोखरों और तालाबों की सफाई के साथ-साथ गंगा व वरुणा नदी में जमी सिल्ट (कीचड़) को निकालने के लिए किया जाएगा। ऐसे में इस मशीन के आने से बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की संभावना है ।

मशीन के लोकार्पण के उपरांत महापौर अशोक कुमार तिवारी व नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से संकट मोचन पुलिया तथा अस्सी क्षेत्र के विभिन्न नालों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने रविदास पार्क के सामने वाले नाले, अस्सी नाला और अस्सी घाट के समीप निर्माणाधीन मल्टी स्टोरेज पार्किंग का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रत्नाकर पार्क में साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर महापौर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिया। महापौर ने स्पष्ट किया कि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी नालों की डिसिल्टिंग का कार्य समय सीमा के भीतर पूर्ण हो जाना चाहिए। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव सहित नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीएमएनएसवाई के अंतर्गत फुलवरिया में सीसी मार्ग निर्माण की गुणवत्ता की नगर आयुक्त द्वारा जांच
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल द्वारा फुलवरिया क्षेत्र में चल रहे सीसी मार्ग निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वयं मौके पर सीसी मार्ग के कंक्रीट बेस की खुदाई कराकर उसकी मोटाई (थिकनेस) की जांच की गई। जांच में कंक्रीट बेस की मोटाई निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई, जिस पर नगर आयुक्त ने संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता इसी प्रकार बनाए रखी जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गुणवत्ता युक्त निर्माण कार्यों से आम जनमानस को दीर्घकालिक एवं सुरक्षित सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक (जलकल), सहायक अभियंता (सिविल), सहायक अभियंता (जलकल) एवं अवर अभियंता (सिविल) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
असमय बारिश से फसल नुकसान पर एक्शन में योगी सरकार, कई जिलों का हवाई सर्वे
स्मार्ट मीटर शिकायतों पर सख्त योगी सरकार, ओवरबिलिंग जांच के आदेश



