फरियादियों की गंभीरतापूर्वक हो सुनवाई – जिलाधिकारी
तहसील दिवस में 101 मामले आये,9 का हुआ निस्तारित
दुद्धी,सोनभद्र- जन कल्याणकारी दिवसों में आने वाले हरेक मामलों की सुनवाई गंभीरतापूर्वक होनी चाहिये।जिससे कि त्वरित न्याय के साथ फरियादियों के समस्याओं का उचित समाधान हो सके।उक्त बातें जिलाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने तहसील दिवस में अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही।उन्होंने चेताया कि आमजन को अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिये इधर-उधर भटकना न पड़े।सरकार की मंशा के अनुरूप सभी अधिकारी अपनी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी समाज के प्रति ज्यादा है।इसलिए लोगों से अच्छे संबंध स्थापित करें और थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादियों से मित्रवत व्यवहार के साथ उनकी समस्याओं का वैधानिक समाधान करायें।उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों से कोई समझौता नही होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित थानाध्यक्षों एवं मातहत कर्मियों की होगी।तहसील दिवस में जिले के दोनों शीर्ष अधिकारियों के आगमन की खबर के बाद फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी।

इस दौरान सलैयाडीह गांव के अरविंद जायसवाल द्वारा गांव में अधूरे शौचालय की शिकायत की गई।जिस पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए, मामले को सीडीओ को सौंपकर कड़े कार्रवाई के आदेश दिए।सीडीओ ने एडीओ पंचायत को तलब कर पूछताछ की। सलैयाडीह के ही लवकुश चंद्रवंशी ने पीसीसी रोड निर्माण में घटिया सामग्री का आरोप लगाते हुए,मामले की जांचकर कार्रवाई की मांग की।जिलाधिकारी ने शिकायत की जांच कर रिपोर्ट तलब की है। सिविल बार के अध्यक्ष नागेंद्र श्रीवास्तव की अगुवाई में राकेश श्रीवास्तव व जवाहर लाल ने जिलाधिकारी को समस्याओं से संदर्भित ज्ञापन सौंपा।जिस पर उन्होंने समाधान का आश्वासन दिया इस दौरान विभिन्न मामलों से सम्बंधित कुल 101 मामले आये।जिनमें से 3 मामले मौके पर निस्तारित किये गये।जबकि 6 मामलों में टीम के अधिकारियों को फील्ड में मौका मुआयना के साथ निस्तारण किया।इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ अमित पाल शर्मा, एसडीएम रमेश कुमार ,सीओ राम आशीष यादव , तहसीलदार विशाल पांडेय समेत जिले के अधिकारी मौजूद रहे।



