
जिलाधिकारी ने मुरता गांव में लगाई चौपाल, विकास कार्यों का जाना हाल
विभागवार समीक्षा में कई विभागों की चेतावनी
दुद्धी,सोनभद्र- जिलाधिकारी अभिषेक सिंह दुद्धी विकास खंड के मुरता गांव में शनिवार की शाम करीब पौने चार बजे अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र बहादुर सिंह एवं उपजिलाधिकारी रमेश कुमार के साथ पहुंचे। जिला विकास अधिकारी राम बाबू त्रिपाठी ने सुबह से दोपहर तक ग्रामीणों के बीच किये गये तमाम योजनाओं के पड़ताल रिपोर्ट से उन्हें अवगत कराया| इसके बाद जिलाधिकारी ने बिन्दुवार विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में ग्रामीणों से जानकारी लेनी शुरू की| शौचालय,आवास,वृद्धा,विधवा,दिव्यांग पेंशन के साथ ही जब स्वास्थ्य महकमे के द्वारा संचालित योजनाओं की बारी आई तो अधीक्षक डा. गिरधारी लाल व एएनएम उन्हें संतुष्ट नहीं कर पाए| इस पर उन्होंने सुपरवाइजर को निर्देर्शित किया कि वे सभी नवजात बच्चों के टीकाकरण की जांच कर उसकी रिपोर्ट दें | इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों से वरासत,बिजली आपूर्ति अदि के बारे में जानकारी ली|
उन्होंने सरकारी योजनाओं का सही ढंग से गांवों में क्रियान्वयन न होने पर कई विभागों को कड़ी चेतावनी दी।करीब घंटे भर के प्रवास के दौरान ग्रामीणों एवं निवर्तमान ग्राम प्रधान ने बताया कि दुद्धी एवं म्योरपुर को क्षेत्र के करीब दर्जन भर से अधिक गांवों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है| कई बार मांग करने के बावजूद उसका जीर्णोद्धार नहीं हो रहा है| इस पर उन्होंने तत्काल लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को इस पर कारवाई शुरू करने का निर्देश दिया| कुछ ग्रामीणों ने करीब दो साल पूर्व मनरेगा में कराए गये कार्यों के मजदूरी भुगतान न मिलने की शिकायत की | इसके अलावा कई महिलाओं के विधवा पेंशन बंद होने की शिकायत पर समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया| इस मौके पर जिले के तमाम आलाअधिकारी गण मौजूद रहे|



