National

पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन,उप्र में रहेगा तीन दिन राजकीय शोक

लखनऊ । समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम (हरियाणा) के मेदांता अस्पताल में सुबह अंतिम सांस ली। उनके निधन से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। पूरे उत्तर प्रदेश के लोग नेताजी के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।

फाईल फोटो गुगल

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में 22 नवंबर 1939 को जन्मे मुलायम सिंह यादव भारतीय राजनीति के बड़े सियासी चेहरा बने। उन्होंने समाजवादी पार्टी बनाई। उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे और एक बार देश के रक्षा मंत्री की कुर्सी संभाली। उनके निधन से समाजवादियों समेत उनके समर्थकों में मायूसी छा गयी है।

मुलायम सिंह यादव भारतीय राजनीति के उन कुछ चंद नेताओं में से एक हैं जिन्होंने बेहद ही सामान्य परिवार से निकल कर सियासी पारी शुरू की। अपनी पार्टी बनाई। पार्टी को मजबूती से खड़ा ही नहीं किया बल्कि देश के सबसे बड़े सूबे में सत्ता में भी लाने में सफल रहे। वह खुद तो मुख्यमंत्री बने ही 2012 में पूर्ण बहुमत की सरकार लाकर अपने बेटे अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने में भी सफल रहे। पहलवानी में माहिर मुलायम ने सियासत में भी मंझे हुए खिलाड़ी साबित हुए।

मुलायम सिंह यादव ने 1992 समाजवादी पार्टी बनाई। वह प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे। पांच दिसंबर 1989 से 24 जनवरी 1991 तक, पांच दिसंबर 1993 से तीन जून 1996 तक और 29 अगस्त 2003 से 11 मई 2007 तक मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली। वह देश के रक्षामंत्री के पद पर भी रहे।

नेताजी के नाम से लोकप्रिय मुलायम सिंह यादव ने यादव बिरादरी और मुस्लिम समाज को पार्टी के साथ जोड़ने में कामयाब रहे। उन्होंने यह गठजोड़ बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुखर विरोध किया। उनकी इसी रणनीति के चलते यादवों के साथ मुस्लिम जुड़ता गया। मुस्लिम-यादव के गठजोड़ की ताकत को देख अन्य वर्ग के मतदाता भी जुड़े। इसी योग से समाजवादी पार्टी कई बार सत्ता में में आई।(हि.स.)

मुलायम का निधन अतिदुखदायी, उप्र में रहेगा तीन दिन राजकीय शोक : योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक प्रकट किया है। योगी ने श्री यादव के निधन पर राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक और पूरे राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किये जाने की घोषणा की है।मुख्यमंत्री की ओर से सोमवार को जारी शोक संदेश में योगी ने श्री यादव के पुत्र अखिलेश यादव और उनके भाई रामगोपाल यादव से फोन पर बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।

योगी ने कहा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुखदाई है। उनके निधन से समाजवाद के प्रमुख स्तंभ एवं संघर्षशील युग का अंत हुआ है।”योगी ने कहा, “ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना एवं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार 03 दिन के राजकीय शोक की घोषणा करती है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा”गौरतलब है कि 83 वर्षीय श्री यादव का निधन आज सुबह गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने समाजवादी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया।श्री केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं उनके सभी प्रशंसकों और परिजनों को ये अपार दुख सहने की शक्ति दें।’’उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, “उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजनीति जगत में पिछड़े वर्गों के हक की लड़ाई लड़ने वाले मुलायम सिंह यादव जी का निधन बेहद दुखद है। उनके शुभचिंतकों, प्रियजनों व समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाए। प्रभु श्री राम उनकी आत्मा को अपने चरणो में स्थान दे व शांति प्रदान करे।”

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह में कहा कि भारतीय राजनीति में पिछड़ों शोषितों की आवाज़ पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुःखद समाचार मिला। ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करे व उनके परिजनों,समर्थकों को ये पीड़ा सहन करने की शक्ति दें।उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का आज सुबह 0816 बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें 22 अगस्त को अस्पताल कराया गया था।(वार्ता)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: