Crime

नहर में डूबी बालिका का शव मिला पेड़ की डाल पर

भदोही : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में दो दिन पहले नहर में डूबी छह साल की बच्ची का शव सोमवार को एक पेड़ की डाल पर मिला।पुलिस ने बताया कि शनिवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के लोहराना गली (कटरा बाजार) निवासी जयप्रकाश अपनी पत्नी व छह साल की बेटी के साथ बाइक से विंध्यवासिनी धाम मीरजापुर से दर्शन कर लौट रहे थे। जहां से लौटते समय तेज रफ्तार बाइक भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के गिरिया भाला स्थित ज्ञानपुर नहर प्रखंड की शाखा में असंतुलित होकर पलट गई।

बताया जाता है कि नहर की पटरी के आसपास कुछ चरवाहे पशुओं को चरा रहे थे। इन चरवाहों ने तीनों को नहर में गिरते देख लिया। चरवाहों ने जान की बाजी लगाकर नहर के तेज बहाव पानी में कूद कर पति-पत्नी को तो बचा लिया। जबकि पूरवी (06) का कहीं अता पता नहीं लग सका। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों के भारी भरकम प्रयास के बावजूद पूरवी का कहीं अता-पता नहीं लग सका।

सोमवार की सुबह घटना स्थल से लगभग ढाई-तीन किलोमीटर पूरब की ओर नहर में स्थित एक पेड़ की डाल में शव लटकता देखा गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक पुरवी के माता-पिता ने भी मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। (वार्ता)

Related Articles

Back to top button