
नई दिल्ली । भारत में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में पिछले 24 घंटे में बड़ा उछाल देखने को मिला है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी अपडेट के अनुसार एक दिन में देश में 22,854 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, इसी अवधि में 126 लोगों की मौत भी हुई है। इस बीच 18,100 लोग बीमारी से ठीक होकर डिस्चार्ज भी हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इसी के साथ देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 करोड़, 12 लाख, 85 हजार 561 हो गई है। इसमें एक्टिव केस 1 लाख 89 हजार 226 हैं। एक्टिव केस में भी ये वृद्धि है। वहीं, कुल मृतकों की संख्या अब एक लाख 58 हजार 189 हो गई है।
इससे पहले कल 17,921 नए मामले पूरे देश में सामने आए थे। बता दें कि देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे।



