
नई दिल्ली । देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद एक बार गति पकड़ती नजर आ रही है। तीसरी लहर की आशंका के बीच देश में एक बार फिर दैनिक कोविड मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। देश में पिछले 24 घंटे में 42,123 नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3998 लोगों की मौत हो गई। वहीं इससे एक दिन पहले यानी मंगलवार को 30,093 मामले दर्ज किए गए थे और 374 लोगों की जान गई।
देश में आज अचानक से हुई मौत के आंकड़ों में इतनी बढ़ी बढ़ोतरी महाराष्ट्र में पुरानी मौतों को पोर्टल पर अपडेट करने की वजह हुई। महाराष्ट्र में बीते दिन कोरोना के 147 मरीजों की ही मौत हुई, जबकि 3509 पुरानी मौतों को अपडेट किया गया। इससे पहले 9 जून को बिहार में भी पुरानी मौतों को अपडेट किया गया था। उस दिन देश में हुई मौतों का आंकड़ा 6,139 तक पहुंच गया था।
नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,12,16,337 हो गई है। इसके साथ ही 3,998 नई मौतों के बाद कुल मरने वालों की तादाद 4,18,480 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 36,977 नए डिस्चार्ज के बाद देश में इस महामारी से ठीक होने वाले लोगों की की संख्या 3,03,90,687 तक पहुंच गई है। हालांकि देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4,07,170 है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी रिपोर्ट के मुताबिक डेली पॉजिटिविटी रेट 2.61% है, ये लगातार 28 दिनों से 3% से कम है। वहीं रिकवरी रेट बढ़कर 97.32% हो गया है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 31,79,469 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 41,52,25,632 हो गया है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) की तरफ से जारी रिपोर्ट में बताया कि भारत में मंगलवार को कोरोना वायरस के लिए 18,52,140 सैंपल टेस्ट किए गए। कल यानी 20 जुलाई तक कुल 44,91,93,273 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।



