State

कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा पुराने एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार

अमृतसर । पंजाब के भुलत्थ से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है।उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जलालाबाद पुलिस उनके चंडीगढ़ सेक्टर 5 स्थित निवास स्थान पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि उनके खिलाफ ड्रग तस्करी (NDPS एक्ट) का एक पुराना मामला था, जिस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें अरेस्ट किया जा रहा है। जल्द उन्हें जलालाबाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, सुखपाल खैहरा को 2015 के एक पुराने ड्रग केस मामले में जांच चल रही थी। इसमें बताया जा रहा है कि DIG के अंतर्गत बनी SIT की रिपोर्ट के आधार पर अब उनकी गिरफ्तारी हुई है। इस SIT में दो SSP भी शामिल रहे हैं। जबकि सुखपाल खैहरा का कहना है कि यह एक झूठा केस था, सुप्रीम कोर्ट ने भी उन्हें इस केस में राहत दी है।

जलालाबाद से DSP शर्मा पहुंचे गिरफ्तार करने

घर में पुलिस के पहुंचने पर सबसे पहले विधायक खैहरा ने सीनियर अधिकारी की पहचान पूछी। इस पर जवाब मिला कि वे डीएसपी जलालाबाद ए.आर. शर्मा हैं और 2015 NDPS एक्ट मामले में उनको गिरफ्तार करने आए हैं। इस पूरे घटनाक्रम में खैहरा पुलिस अधिकारियों से बार-बार अरेस्ट वारंट की मांग करते भी दिखे। खैहरा का आरोप है कि पुलिस ने उनको एक घूंट पानी तक नहीं पीने दिया और उसके हाथ से गिलास छीन लिया।

पंजाब में जंगल राज: खैहरा

सुखपाल सिंह खैहरा ने अरेस्ट से पहले कहा- यह पंजाब में जंगल राज, बदले की भावना से काम किया जा रहा है। क्योंकि मैं सीएम भगवंत मान का विरोध करता हूं, इसलिए मेरे खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है। मेरे पीछे सभी मेरे बेटे के साथ संपर्क कर सकते हैं।

बदले की भावना के 50 केस हैं मेरे पर

खैहरा ने कहा- सभी से अपील है कि चिंता नहीं करनी। पहले भी 50 इस प्रकार के केस उन पर पड़ चुके हैं। आराम से लडूंगा, मेरे में दम है। पर ये इनकी करतूत देख लो, पुराने 2015 के झूठे केस में चंडीगढ़ से अरेस्ट कर रहे हैं। जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने सम्मन क्रैश किए हुए हैं, रिलीफ मिली हुई है। फिर भी उसी केस में गिरफ्तार किया जा रहा है, जिसमें से कुछ मिला भी नहीं।

क्या था 2015 का ड्रग मामला

जलालाबाद पुलिस ने वर्ष 2015 में मार्केट कमेटी ढिलवां के पूर्व चेयरमैन गुरदेव सिंह सहित 9 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 2 किलो हेरोइन, 24 सोने के बिस्कुट, एक देसी .315-बोर पिस्तौल, दो पाकिस्तानी सिम कार्ड और एक टाटा सफारी कार बरामद हुई थी। इस मामले में मार्केट कमेटी ढिलवां के पूर्व चेयरमैन गुरदेव सिंह के साथ कथित संबंधों के कारण खैहरा का नाम सामने आया था।

वहीं, खैहरा के साथ-साथ निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) जोगा सिंह, निजी सहायक मनीष, बाठ गांव (जालंधर) का एक व्यक्ति, NRI यूके निवासी चरणजीत कौर और बाजवा कलां गांव (जालंधर) के मेजर सिंह बाजवा का नाम भी मामले में सामने आया था।(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button