UP Live

सीएम योगी का ‘हार्ड पावर’ संदेश, ब्रह्मोस संग बदली कवर इमेज से दिया विकास-सुरक्षा का संकेत

उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े बजट के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मोस के साथ अपनी कवर इमेज बदलकर ‘हार्ड पावर’ विजन का संदेश दिया है। लखनऊ में रक्षा उत्पादन, औद्योगिक निवेश और आर्थिक विस्तार को जोड़ते हुए सरकार ने विकास, सुरक्षा और निवेश के त्रिवेणी मॉडल को प्रदेश की नई पहचान के रूप में प्रस्तुत किया है।

  • 9.12 लाख करोड़ बजट के बाद रक्षा उत्पादन और आर्थिक शक्ति के संगम को किया प्रदर्शित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किए जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आर्थिक और सामरिक शक्ति को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट की कवर इमेज बदलते हुए ब्रह्मोस मिसाइल के साथ अपनी तस्वीर साझा की, जिसे ‘हार्ड पावर विजन’ का प्रतीक माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री की इस नई कवर इमेज को प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे रक्षा उत्पादन, औद्योगिक निवेश और आर्थिक सशक्तिकरण के संयुक्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। लखनऊ में ब्रह्मोस निर्माण परियोजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश अब रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में उभरते वैश्विक केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। यह पहल उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे (Defence Corridor) को नई गति देने वाली मानी जा रही है।

सरकार के सूत्रों के अनुसार 9.12 लाख करोड़ रुपये के विशाल बजट और सामरिक परियोजनाओं का यह संयोजन राज्य की विकास रणनीति के ‘विकास, सुरक्षा और निवेश’ आधारित त्रिवेणी मॉडल को दर्शाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट के माध्यम से यह संकेत दिया है कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था ने बीते वर्षों में तीव्र गति से विस्तार किया है और राज्य अब पारंपरिक कृषि-आधारित छवि से आगे बढ़कर औद्योगिक और तकनीकी शक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि ब्रह्मोस जैसे उच्च-प्रौद्योगिकी रक्षा उत्पादन की स्थापना से न केवल सामरिक दृष्टि से देश की क्षमता मजबूत होगी, बल्कि राज्य में उच्च कौशल आधारित रोजगार, अनुसंधान, आपूर्ति श्रृंखला और सहायक उद्योगों का भी व्यापक विकास होगा। इससे स्थानीय विनिर्माण इकाइयों, एमएसएमई और तकनीकी संस्थानों को भी नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री का यह ‘सुपरसोनिक केसरिया’ संदेश राजनीतिक से अधिक नीतिगत संकेत माना जा रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश को एक ऐसे राज्य के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है जो आर्थिक विकास का इंजन होने के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा संरचना का महत्वपूर्ण आधार भी बन रहा है।

सरकार का दावा है कि बुनियादी ढांचे, रक्षा उत्पादन, डिजिटल निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं के समन्वित विस्तार से उत्तर प्रदेश आने वाले वर्षों में देश की सबसे प्रभावशाली आर्थिक शक्तियों में शामिल होने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

उत्तर प्रदेश में बनेगा 1 गीगावॉट एआई-एचपीसी हब, 25 बिलियन डॉलर निवेश का रास्ता साफ

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button