Varanasi

वाराणसी दौरे पर CM योगी आदित्यनाथ, शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को करेंगे संबोधित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में आठ जिलों के शिक्षक और स्नातक मतदाता शामिल होंगे। मुख्यमंत्री बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। साथ ही कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे।

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार (14 अक्टूबर) को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आ रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन (जनसभा) को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद भी लेंगे। सीएम कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों एवं प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे।

शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन का आयोजन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में दोपहर में प्रस्तावित है। इसमें वाराणसी खंड के अंतर्गत आने वाले आठ जिलों के शिक्षक एवं स्नातक मतदाता शामिल होंगे। यह महासम्मेलन वाराणसी खंड के शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।

वाराणसी खंड विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। इस निर्वाचन क्षेत्र में वाराणसी और मीरजापुर मंडल के जिलों के साथ बलिया सहित कुल आठ जिले शामिल हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा चुनावी दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी।

सम्मेलन को लेकर भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर हुई बैठक

वाराणसी : 14 अक्टूबर को सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक व स्नातक महासम्मेलन को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। उक्त बातें भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में शिक्षक व स्नातक मतदाता भी शामिल हुए ।

श्री चौरसिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 से पहले होने वाले शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है। कहा कि इस चुनाव को हर हाल में जीतना जरुरी है। कहा कि 14 अक्टूबर, बुधवार को अपरान्ह 3 बजे सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शिक्षक व स्नातक सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे।

श्री अशोक चौरसिया ने कहा कि सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शिक्षक, स्नातक, अधिवक्ता, डाक्टर्स, छात्र एवं समाज के प्रबुद्ध वर्ग की उपस्थिति हो इसकी हमें चिंता करनी है। कहा कि शिक्षक व स्नातक चुनाव में 10 दिन से भी कम का समय बचा है। कहा कि विद्यालयों के साथ साथ मतदाताओं सेंं घर घर जाकर निरँतर सम्पर्क कर संवाद होना अति आवश्यक है। इसके लिए वोटर लिस्ट का अध्ययन कर कार्य शुरु कर दे।

बैठक में अनूप जायसवाल, प्रधानाचार्य संघ के अध्यक्ष डॉ हरेंद्र राय, शिक्षक प्रकोष्ठ के कमलेश सिंह, संतोष श्रीवास्तव, प्रबुद्ध वर्ग के दीपक राय, अखिलेश पाठक विधि प्रकोष्ठ के सुरेश बहादुर सिंह, श्री संजीव चौरसिया, छात्र संघ के अध्यक्ष श्री आशुतोष सिंह आशु श्री सत्येंद्र सिंह, खुशबू सिंह, अंकिता तिवारी, रजत जायसवाल, क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर प्रमुख रुप से उपस्थित थे।

आठ विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग दीर्घाएं, महिलाओं और मीडिया के लिए भी होगी पृथक व्यवस्था

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने सभा स्थल का निरीक्षण कर मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित कार्यकर्ताओं को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और सम्मेलन में आने वाले लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अशोक चौरसिया ने आठ विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए बनाई जा रही अलग-अलग दीर्घाओं की व्यवस्था देखी। महिलाओं, प्रबुद्धजनों और मीडिया कर्मियों के लिए निर्धारित स्थानों का भी जायजा लिया।

उन्होंने मंच की तैयारी, ध्वनि व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए व्यवस्था में जुटे कार्यकर्ताओं से जानकारी ली। क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक-स्नातक सम्मेलन संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने आने वाले शिक्षकों, स्नातकों और कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय, अनुशासन और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सुचारु संचालन और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय,अजीत रावत,संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा और अनिल गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

किसानों को योगी सरकार की बड़ी राहत, 18 साल से अटकी चकबंदी पूरी; 15 अक्टूबर से चलेगा विशेष अभियान

दंगा किया तो बाप-दादाओं की कमाई से भी धोना पड़ेगा हाथ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Related Articles

Back to top button