वाराणसी । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 दिसंबर रविवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी में रहेंगे। सीएम यहां संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। साथ ही रुद्राक्ष कन्वेक्शन सेण्टर में आयोजित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के अंतरराज्यीय सम्मलेन में भाग लेंगे। इस सम्मलेन में पांच राज्यों के 900 से अधिक सीएचओ भाग ले रहे हैं। योगी आदित्यनाथ भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजना के लाभार्थियों को करोड़ों की सौगात भी देंगे।
पूर्वांचल की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिन के दौरे पर वाराणसी आ रहे हैं। सीएम योगी सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 5 हज़ार प्रबुद्धजनों के सम्मलेन को सम्बोधित करेंगे। इस सम्मलेन में सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व रहेगा। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का अंतरराज्यीय सम्मलेन के दूसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ सम्मिलित होंगे। सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज (यूएचसी) दिवस पर 10 व 11 दिसंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का अंतरराज्यीय सम्मलेन का आयोजन रुद्राक्ष कनवेंशन सेंटर में चल रहा है।
सम्मलेन के दूसरे दिन विभिन्न मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। इसमें आम आदमी तक निशुल्क, सस्ती व बेहतरीन चिकित्सा सेवा पहुंचाना, नेशनल टेली मेंटल हेल्थ प्रोग्राम (टेली-मानस) पर परिचालन, एक्यूट सिंपल इलनेस के प्रबंधन पर सीएचओ के लिए प्रशिक्षण मॉड्यूल जारी करना, सशक्त पोर्टल का शुभारंभ, सेवाओं के विस्तारित पैकेज में आशाओं के प्रशिक्षण के लिए ई-मॉड्यूल का शुभारंभ, कालाजार, फाइलेरिया, मलेरिया, कुष्ठ रोग का उन्मूलन शामिल है। सम्मेलन में यूपी, बिहार, झारखण्ड, उत्तराखण्ड व मध्य प्रदेश के 900 से अधिक सीएचओ,आयुष सीएचओ एवं चिकित्सा अधिकारी शामिल हो रहे है।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करने के साथ ही योगी आदित्यनाथ भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के 21 लाभर्थियो को सौगात देंगे। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सीएम 4 लोगों को उनके घर की चाबी, सीएम बाल सेवा योजना व स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 6 लोगों को लैपटॉप, एमएसएमई की तरफ एलडीएम में ओम विला एक्सपोर्ट एवं होटल टूरिज्म को 27 करोड़ का चेक, कुमार उद्योग विकास प्राइवेट लिमिटेड को 32 करोड़ का चेक, महिला हेल्प ग्रुप व अन्य योजना में चेक वितरण किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण खेल प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत स्पोर्ट्स किट वितरण, गंगा दूत और नशा मुक्ति उन्मूलन कार्यक्रम में प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
डूडा की परियोजना अधिकारी निधि बाजपेयी ने बताया कि प्रधानमत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत लाभार्थीओ की संख्या 33,502 है। इनमे से कुछ लाभार्थियों को मुख्यमंत्री उनके घरो की चाबी सौपेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थी की संख्या 33602 है। इस योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीसरी क़िस्त 50 हज़ार का चेक कुछ लाभार्थियों को मंच से देंगे। ये लाभार्थी पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, वन नेशन वन कार्ड के लिए भी पात्र हैं।



