Varanasi

बरेका में सीएलडब्ल्यू महाप्रबंधक मोहित चंद्रा का दौरा, उत्पादन इकाइयों का किया निरीक्षण

वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स के महाप्रबंधक मोहित चंद्रा और रेलवे बोर्ड के पीईडी पंकज शर्मा ने दौरा किया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में अधिकारियों ने उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण कराया। बैठक में तकनीकी नवाचार, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और गुणवत्ता सुधार से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बुधवार को चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) के महाप्रबंधक मोहित चंद्रा तथा रेलवे बोर्ड के पीईडी/ईई/डेवलपमेंट पंकज शर्मा ने महत्वपूर्ण दौरा किया। इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

दौरे के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने बरेका की उत्पादन क्षमता और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा कर्मशाला का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप और लोको टेस्ट शॉप सहित विभिन्न उत्पादन इकाइयों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लोकोमोटिव निर्माण की आधुनिक प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली तथा कर्मचारियों की कार्यकुशलता का करीब से जायजा लिया और कर्मचारियों के समर्पण व दक्षता की सराहना की।

कर्मशाला के निरीक्षण के बाद प्रशासन भवन स्थित महाप्रबंधक कॉन्फ्रेंस हॉल में महाप्रबंधक आशुतोष पंत की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोकोमोटिव निर्माण में अत्याधुनिक तकनीकी नवाचार, उत्पादन क्षमता में वृद्धि और गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बरेका के वरिष्ठ अधिकारियों ने उत्पादन प्रणाली के आधुनिकीकरण और तकनीकी उन्नयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

बैठक के दौरान महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने पर्यावरण संरक्षण और हरित पहल को बढ़ावा देने के प्रतीक के रूप में सीएलडब्ल्यू के महाप्रबंधक मोहित चंद्रा और रेलवे बोर्ड के पीईडी पंकज शर्मा को पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह दौरा भारतीय रेलवे की उत्पादन इकाइयों के बीच तकनीकी सहयोग, नवाचार और गुणवत्ता उन्नयन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया को और अधिक आधुनिक, दक्ष और गुणवत्तापूर्ण बनाने में मदद मिलेगी।

गैस सिलेंडर कालाबाजारी : पीपीगंज की आशीष इंडेन गैस सर्विस का गोदाम सीज, नौसड़ एजेंसी पर एफआईआर

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button