Varanasi

31 मार्च तक हर हाल में पूरी हो कुओं की सफाई व सुंदरीकरण

वाराणसी में संभावित भीषण गर्मी को देखते हुए नगर निगम ने जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने समीक्षा बैठक में 31 मार्च तक शहर के 541 कुओं की सफाई और सुंदरीकरण के निर्देश दिए। साथ ही ट्यूबवेल और पंपिंग स्टेशनों की तकनीकी जांच तथा शहर में वाटर कूलरों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।

  • नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने की समीक्षा बैठक, ट्यूबवेल-पंपों की तकनीकी जांच और शहर में वाटर कूलरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश

वाराणसी। भीषण गर्मी की आहट से पहले ही वाराणसी नगर निगम शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पेयजल आपूर्ति से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने शहर के सभी 541 कुओं की सफाई और सुंदरीकरण का कार्य हर हाल में 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जल संकट की संभावना को देखते हुए पारंपरिक जलस्रोतों को सक्रिय रखना आवश्यक है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था उपलब्ध रहे।

अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि अब तक शहर के 162 कुओं की सफाई का कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि 140 कुओं की सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अतिरिक्त शेष 340 कुओं की सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है और जल्द ही इन पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जलकल विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के दौरान किसी भी क्षेत्र में पंपों की खराबी या तकनीकी खामी के कारण जलापूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए शहर के सभी ट्यूबवेल और पंपिंग स्टेशनों की तकनीकी जांच अभी से शुरू करने को कहा गया है, ताकि समय रहते मोटर या पंप की खराबी को दूर किया जा सके।

उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में राहगीरों को राहत देने के लिए शहर में प्याऊ और वाटर कूलरों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। वर्तमान में संचालित 18 वाटर कूलरों की संख्या बढ़ाकर 28 करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए शहर के प्रमुख और अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों का चयन किया जा रहा है, जहां लोगों को आसानी से ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

नगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि शहर के सभी इलाकों में पानी का पर्याप्त दबाव बना रहे और पुरानी पाइपलाइनों की तकनीकी खामियों को समयबद्ध तरीके से ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह सहित जलकल विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

पर्व-त्योहार और पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सीएम योगी सख्त, कानून-व्यवस्था पर सतर्क रहने के निर्देश

एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट तक… यूपी में तेज होगा विकास: योगी ने दिए सख्त निर्देश

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button