Varanasi

सीएम ग्रिड्स योजना से चमकेगी शहर की सड़कें, नगर आयुक्त ने परखी प्रगति

वाराणसी में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत सड़कों के कायाकल्प का कार्य तेज हो गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गोलघर कचहरी, सुंदरपुर मार्ग और अस्सी से रविदास घाट तक निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। प्रथम चरण में 4784.53 लाख रुपये से छह प्रमुख मार्गों को चौड़ा कर आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी की सड़कों को आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप देने की दिशा में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स) के तहत चल रहे कार्यों ने अब गति पकड़ ली है। इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को शहर के विभिन्न हिस्सों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने गोलघर कचहरी, सुंदरपुर मुख्य मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों की भौतिक प्रगति का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने अस्सी घाट से लेकर रविदास घाट तक के मार्ग का भी निरीक्षण कर सड़कों और घाटों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने बताया कि सीएम ग्रिड्स योजना के प्रथम चरण में लगभग 4784.53 लाख रुपये की लागत से शहर के छह प्रमुख मार्गों का कायाकल्प किया जा रहा है। इन सड़कों को 10 मीटर से अधिक चौड़ा किया जा रहा है, ताकि भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवागमन सुगम बनाया जा सके। इसके साथ ही इन मार्गों पर भूमिगत यूटिलिटी डक्ट, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, फुटपाथ और आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है।

भूमिगत यूटिलिटी डक्ट के निर्माण से भविष्य में बिजली, पानी, गैस या अन्य पाइपलाइन कार्यों के लिए सड़कों को बार-बार खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी और आमजन को होने वाली असुविधा भी कम होगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम, घंटी मिल से सिगरा थाना और सुंदरपुर मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। कुछ मार्गों पर लगभग 40 से 47 प्रतिशत तक कार्य पूर्ण हो चुका है।

इसके अलावा द्वितीय चरण के अंतर्गत भेलूपुर विद्युत कार्यालय से वंशीधर अपार्टमेंट तक के मार्ग के कायाकल्प के लिए 722.15 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। शीघ्र ही इस मार्ग पर भी निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

घाटों की सफाई और जन-सुविधा पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अस्सी घाट से रविदास घाट तक घाटों की साफ-सफाई और कचरा निस्तारण व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और निर्माण कार्य के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि काशी एक विश्व प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन नगरी है, इसलिए यहां की सड़कों और घाटों का स्वरूप स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित होना चाहिए।

निरीक्षण के समय मुख्य अभियंता आर.के. सिंह सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने सभी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

श्रीबिहारीलाल दिगंबर जैन मंदिर का 163वां स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button