
वाराणसी। पंचायत चुनाव के दौरान हुई मारपीट, हत्या जैसे संगीन मामलों में शामिल अभियुक्तों को पकड़ने के लिए पुलिस आजकल अभियान चला रही है। चोलापुर थानाक्षेत्र के नकछेदपुर गांव में प्रधान प्रत्याशी का समर्थंन कर रहे राकेश सिंह की 20 अप्रैल को हत्या हुई थी। इस मामले में चोलापुर पुलिस ने एक और अभियुक्त को गिरफ्तार किया तो दूसरे मुजरिम ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इस मामले में तीन अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
बता दें कि 19 अप्रैल शाम को नकछेदपुर गांव निवासी राकेश सिंह के घर के समीप बने मन्दिर के पास प्रधान पद के लिए चुनाव लड़े दो पक्षो की मारपीट हुई। इस दौरान राकेश के सिर पर भी गहरी चोटें आ गई। पुलिस की जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि राकेश सिंह की मौत मौके पर ही हो गई थी जिन्हें जीवित समझ कर परिजन ट्रामा सेंटर लेकर गए थे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। मृतक के भाई राजेश की तहरीर पर पांच नामजद हमलावरों समेत कई अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 147, 148, 149 336, 307, 302 एव गांव में दहशत फैलाने के आरोप में 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। इस दौरान घटना के मुख्य आरोपी प्रधान पद के प्रत्याशी विनोद यादव को कुछ दिन पूर्व ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अन्य अभियुक्त फरार चल रहे थे।एसपी ग्रामीण के चूड़ी कसने पर इलाकाई पुलिस फिर सक्रिय हुई तो दो अभियुक्त जेल चले गये।


