
चीफ ने किया कनहर का दौरा,दिये आवश्यक निर्देश
पानी रोकने का काम अक्टूबर से होगा शुरू- मुख्य अभियंता
दुद्धी(सोनभद्र):अमवार में करीब पैतीस सौ करोड़ के अनुमानित लागत से निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना के मुख्य बाँध को बारिश के मौसम के बाद बाँधने की पूरी तैयारी सिंचाई महकमे द्वारा किया जा रहा है| इस परिपेक्ष्य में रविवार को परियोजना के मुख्य अभियंता हर प्रसाद एवं अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार व सीमांत अग्रवाल ने सभी खंडो के अधिशासी अभियंताओं के साथ ही सहायक एवं अवर अभियंताओं के साथ बैठक कर रणनीति तैयार करने में जुटे हुए है| करीब पांच घंटे के समीक्षा बैठक के बाद मुख्य अभियंता ने आगामी अक्टूबर माह से डूब क्षेत्र के खाली कराने के साथ मुख्य बाँध को बाँधने का उपक्रम शुरू करने की बात कही|
रविवार को करीब ग्यारह बजे लाव लश्कर के साथ परियोजना के फिल्ड हास्टल पर पहुंचे मुख्य अभियंता ने मैप एवं बुकलेट के माध्यम से परियोजना पर चल रहे विभिन्न कार्यों का समीक्षा किया| बिन्दुवार समीक्षा करते हुए उन्होंने मातहत अभियन्ताओं से मुख्य बाँध बंद करने में आरही अडचनों के बारे में भी जानकारी ली| 255 मीटर लेवल के अंदर आने वाले विस्थापितों को डूब क्षेत्र से हटाना पहली प्राथमिकता होगी| इसके लिए चिन्हित परिधि में आने वाले उन विस्थापितों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है,जिन्हें अभी तक पैकेज का लाभ नहीं दिया गया है|
चीफ ने स्पष्ट शब्दों में निर्देशित किया कि ऐसे लोगों को तत्काल उनके पावनो का भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही| इसके साथ ही बांया राकफिल का कार्य शुरू कराने के बाबत की गई तैयारियों के बारे में जानकारी विभागीय अधिकारियों के साथ ही कार्यदायी संस्था के लोगों से ली| इसमें भुगतान का रोना रोया गया,इस पर उन्होंने कहा कि मुख्य बाँध के लिए पर्याप्त धनराशी मौजूद है| समय समय पर भुगतान दिया जाएगा| कार्य में किसी प्रकार की सुस्ती,लापरवाही या बहानेबाजी बर्दाश्त नही किया जाएगा| पत्रकारों का सवाल का जबाव देते हुए कहा कि परियोजना का निर्माण निर्वाध गति से चलता रहेगा|
परियोजना की अनुमानित लागत की बढ़ी हुई करीब तेरह सौ करोड़ रूपये की राशि को स्वीकृत कराने का प्रयास जारी है| उम्मीद है की शासन द्वारा उसे आगामी अगस्त माह तक स्वीकृत कर धनराशी मुहैया करा दिया जाएगा| इसके अलावा अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए भी टीम बनाई गई है| इसके अलावा विस्थापितों के समस्याओं के निस्तारण के लिए सप्ताह में तीन दिन बकायदे एक अभियंता की ड्यूटी लगाई गई है| इस मौके पर अधिशासी अभियंता विनोद कुमार,सत्यप्रकाश चौधरी,सैयद मोहिउद्दीन,राम आशीष,सहायक अभियंता आशुतोष मिश्रा,रवि श्रीवास्तव,संजय गुप्ता,सुनील यादव आदि लोग उपस्थित रहे



