State

आंध्र प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव छुट्टी पर गए

विजयवाड़ा : आंध्र प्रदेश में अचानक बदले घटनाक्रम में राज्य सरकार के मुख्य सचिव के एस जवाहर रेड्डी गुरुवार को छुट्टी पर चले गये।सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख ने मुख्य सचिव को छुट्टी पर जाने का निर्देश दिया।मुख्य सचिव ने छुट्टी के लिए आवेदन किया और उसे मंजूरी दे दी गई।विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), जन सेना पार्टी (जेएसपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग से मुख्य सचिव जवाहर रेड्डी और डीजीपी केवी राजेंद्रनाथ रेड्डी के स्थानांतरण की मांग की थी।

विपक्षी दल ने आरोप लगाया कि मुख्य सचिव पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रहे हैं क्योंकि वह मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के बहुत करीबी हैं।चुनाव आयोग ने डीजीपी केवी राजेंद्रनाथ रेड्डी का तबादला कर दिया, लेकिन मुख्य सचिव को पद पर बने रहने की अनुमति दी।दिलचस्प बात यह है कि वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी वित्त विभाग के प्रमुख सचिव एसएस रावत भी छुट्टी पर चले गये।वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा आईपीएस अधिकारी आंध्र प्रदेश अपराध जाँच विभाग (सीआईडी) ​​प्रमुख एन संजय की भी छुट्टी मंजूर हो गई और उन्होंने विदेश जाने की योजना बना ली है।

सीआईडी ​​प्रमुख संजय ने कौशल विकास मामले की जांच की थी, जिसमें चंद्रबाबू नायडू कथित रूप से शामिल थे। उन पर नियमों को ताक पर रखकर कौशल विकास घोटाले को मीडिया के सामने उजागर करने के लिए हैदराबाद और दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के आरोप लगे हैं।इस बीच, कई वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों ने तेदेपा प्रमुख एवं मनोनीत मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से उंदावल्ली में उनके आवास पर मिलने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button