Breaking News

गो माता को न कटने देंगे और न ही लाठी खाने देंगे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

योगी बोले- भगवान ने सैकड़ों वर्षों के कार्यों के समाधान की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मेरे कंधों पर दे दी है

मथुरा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस गो माता की सेवा कर हमारे बांके बिहारी कृष्ण से राधा-कृष्ण बने हैं, उस गो माता को न कटने देंगे और न ही लाठी खाने देंगे। यह हमारा संकल्प है। हम गो माता की रक्षा, संरक्षण और संवर्धन करेंगे। उन्होंने कहा कि खुर पका और मुंह पका बीमारी को खत्म करने लिए हर जनपद में दवा और वैक्सीन भेजी जा रही है। प्रत्येक गोवंश का इयर टैगिंग करने जा रहे हैं, इससे यह पता चल जाएगा कि किस गोवंश को दवा नहीं मिली है। निराश्रित गोवंश की देखभाल के लिए हमारी सरकार प्रत्येक गोवंश के लिए हर महीने 900 रुपये दे रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मथुरा के बरसाना में स्थित राधा बिहारी इंटर कॉलेज में रंगोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज से पांच हजार वर्ष पहले भगवान श्रीकृष्ण और राधे जी यहां प्रकट हुए थे। हमारे पूर्वजों ने हमारी समृद्ध परम्परा को संजोकर रखा। यहां के कण-कण में बांके बिहारी जी के दर्शन होते हैं। ब्रज की पवित्रता, सात्विकता और वैष्णों भाव का अहसास पूरी दुनिया करती है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि तीन वर्ष पहले जब उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी, तब संस्कृति और सांस्कृतिक व्यवस्था के लिए क्या करना है, इस पर विचार शुरु हुआ। ब्रज क्षेत्र को तीर्थ बनाने की बात हुई। मैंने कहा तीर्थ बने, लेकिन शासकीय मान्यता भी मिले। सात पवित्र स्थल बनाए गए, जिनके संस्कृतिक और भौतिक विकास की योजना के लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन किया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ईश्वर की कृपा ऐसी बरस रही है कि एक-एक करके सारे कार्यों का समाधान होता जा रहा है। ऐसा लगता है कि जैसे भगवान ने सैकड़ों वर्षों के कार्यों के समाधान की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मेरे कंधों पर दे दी है। हम लोग इसका समाधान भी कर रहे हैं। तीन वर्ष पहले अयोध्या में दीपावली के अवसर पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया। जिससे पूरी दुनिया जुड़ी थी। भक्ति की ताकत का ही नतीजा है कि देखते ही देखते 500 वर्षों की समस्या का समाधान एक झटके में हो गया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गंगा की निर्मलता में हमने अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। अगले दो वर्षों में यमुना जी की निर्मलता भी गंगा मैया जैसी हो जाए इसके लिए भी हम सबको प्रयास करना चाहिए। ये सिर्फ नदी नहीं हैं, हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। इनके साथ हम सबका मां का नाता है। उन्होंने कहा कि विकास के किसी कार्य में कोई बाधा आड़े नहीं आएगी। ब्रज क्षेत्र के खारे पानी के लिए एक व्यवस्थित कार्य योजना बनाकर कार्य कर रहे हैं। आने वाले समय में यहां का पानी मीठा हो जाएगा। जल संचयन को लेकर अधिक से अधिक तालाबों का पुनरोद्धार करने के साथ ही नये तालाब बनाए जा रहे हैं।

राधारानी का किया दर्शन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरसाना में लड्डू होली के अवसर पर श्रीजी मंदिर में राधारानी के दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना कर राधारानी का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही उन्होंने माताजी गोशाला में अत्याधुनिक गो चिकित्सालय का लोकार्पण किया। गो अस्पताल के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से वृंदावन पहुंचे। उन्होंने यहां अर्द्धकुंभ को लेकर संतों के साथ वार्ता की। इसके बाद यहां से मथुरा श्रीकृष्ण जन्मस्थान के लिए रवाना हो गए।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button