
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कबीरधाम आश्रम में नई मूर्तियों का अनावरण, रुद्राक्ष का पौधा रोपित
लखीमपुर खीरी के मुस्तफाबाद स्थित प्रसिद्ध कबीरधाम आश्रम में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री क्षमादेवजी और श्री गुरुमन साहेब की नई मूर्तियों का अनावरण किया। वार्षिक परंपरा के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आश्रम परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
- आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का संगम, संतों की परंपरा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
लखीमपुर खीरी । भारत-नेपाल सीमा के समीप अवस्थित प्रसिद्ध कबीरधाम आश्रम में रविवार को आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत संगम दिखा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां वार्षिक परंपरा के अंतर्गत पहुंचे और श्री क्षमादेवजी व श्री गुरुमन साहेब की नवस्थापित मूर्तियों का अनावरण कर आश्रम की आध्यात्मिक विरासत को नए आयाम प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने फीता काटकर मूर्तियों की स्थापना संपन्न कराई और माल्यार्पण कर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। माहौल में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास की विशेष छटा दिखाई दी, जिसमें बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
योगी आदित्यनाथ ने आश्रम परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोप कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि कबीरधाम आश्रम की सेवा, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की परंपरा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। यहां का शांतिमय व आध्यात्मिक वातावरण मानवता को सत्य, प्रेम और कर्तव्यबोध की दिशा दिखाता है।
आश्रम प्रबंधन ने मुख्यमंत्री के आगमन को एक गौरव अवसर बताते हुए कहा कि सदियों से चली आ रही संत परंपरा समाज में एकता और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार कर रही है।
मुस्तफाबाद का नाम होगा ‘कबीरधाम’, सीएम योगी ने विपक्ष के ‘सेक्युलरवाद’ को बताया ‘पाखंड’
जनता की सेवा ही प्राथमिकता: सीएम योगी ने ‘जनता दर्शन’ में सुनी हर पीड़ित की आवाज



