
मुख्यमंत्री ने किया काशी विश्वनाथ व काल भैरव का दर्शन
मंगलवार को बिहार के दौरे पर रहेंगे सीएम योगी
- बच्चों को भी दुलारा-पुचकारा.जय श्रीराम, बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा मंदिर प्रांगण
वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी प्रचार के व्यस्तता में भी बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश झुकाना नहीं भूलते। चुनावी सभा के बाद मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधि विधान से बाबा विश्वनाथ का पूजन किया। योगी आदित्यनाथ ने श्री विश्वेश्वर से लोक कल्याण की कामना की और भाजपा की प्रचंड जीत के लिए आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी कोतवाल बाबा काल भैरव का भी दर्शन करने के उपरांत आरती की।
जय श्रीराम, बम-बम भोले की गूंज
काशी कोतवाल के दर्शन और श्री काशी विश्वनाथ के दरबार मे पहुँचने पर श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव, बम-बम भोले और जय श्रीराम के उद्घोष से योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जनता का अभिवादन स्वीकार किया। काल भैरव मंदिर के बाहर मुख्यमंत्री ने बच्चे को दुलारा-पुचकारा।
मंगलवार को बिहार के दौरे पर रहेंगे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पांच जनसभाओं को संबोधित करेंगे। सीएम उत्तर प्रदेश समेत बिहार के भी दौरे पर रहेंगे। इसमें से तीन जनसभा बिहार और दो जनसभाएं उत्तर प्रदेश में होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली जनसभा गोरखपुर लोकसभा सीट से सांसद व भाजपा प्रत्याशी रवि किशन के लिए करेंगे। दूसरी जनसभा मीरजापुर लोकसभा में होगी। यहां के बाद मुख्यमंत्री बिहार की रैलियों को संबोधित करेंगे। उनकी तीसरी जनसभा पटना के फतुहा में होगी। यहां वे पटना साहिब लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद के पक्ष में कमल खिलाने का आह्वान करेंगे।
सीएम योगी चौथी और बिहार की दूसरी रैली आरा लोकसभा सीट से उम्मीदवार आरके सिंह के लिए करेंगे। यह रैली भोजपुर के बरहरा स्थित पररिया स्पोटर्स ग्राउंड पर होगी। यहां से सीएम फिर पटना साहिब लोकसभा में रविशंकर प्रसाद के लिए जनसभा करेंगे। यह जनसभा साईं मंदिर के पीछे, पॉलीटेक्निक ग्राउंड पाटलिपुत्र में होगी।
सीएम ने गढ़वा घाट आश्रम में की पूजा,गायों को खिलाया गुड़-केला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को वाराणसी पहुंचे। चुनावी प्रचार के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर व काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन किया। इसके बाद गढ़वा घाट आश्रम पहुंचकर पीठाधीश्वर सद्गुरु स्वामी सरणा नन्द महाराज से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पूर्व पीठाधीश्वरों की समाधि पर पूजन किया। योगी आदित्यनाथ ने गौ सेवा भी की। गौशाला में गौ माता को चारा,फल और गुड़ भी खिलाया। इस दौरान उनके साथ आश्रम के पीठाधीश्वर व अन्य सहयोगी भी रहे। मुख्यमंत्री ने देर तक आश्रम में समय बिताया। मठ के महंत ने मुख्यमंत्री को रुद्राक्ष की माला भेंट की।





