
जंगली जालपा दुर्गा मंदिर में भक्तिमय माहौल में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का छठियार समारोह
भटनी, देवरिया के जंगली जालपा दुर्गा मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का छठियार समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर समिति अध्यक्ष हरिंद्र वर्मा ने राधे-श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पूड़ी, सब्जी और खीर का प्रसाद ग्रहण किया। भक्ति गीतों और अर्धनारी समुदाय की बबली दीदी की नृत्य प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समारोह में नगर पंचायत चेयरमैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
- राकेश मद्धेशिया
भटनी, देवरिया। नगर पंचायत क्षेत्र स्थित जंगली जालपा दुर्गा मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का छठियार समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा मंदिर परिसर देर तक भक्तिरस में सराबोर रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
समारोह का शुभारंभ मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिंद्र वर्मा ने श्रीकृष्ण मंदिर में राधे-श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर किया। आरती के दौरान मंदिर परिसर में गूंजते जयकारों से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों महिलाओं, युवतियों, पुरुषों और बच्चों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं को पूड़ी, सब्जी और खीर का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे के दौरान सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समारोह में भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने माहौल को और अधिक कृष्णमय बना दिया। अर्धनारी समुदाय की बबली दीदी ने भक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनकी टीम ने भी आयोजन में सहभागिता की। भक्ति संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु झूमते और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए।
इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश गुप्ता उर्फ गांधीजी, विजय शंकर मद्धेशिया, के.के. पब्लिक के प्रबंधक बी.के. श्रीवास्तव, निदेशक अजय कुमार मौर्य, पूर्व शाखा प्रबंधक सुरेश कुमार गुप्ता, सपा नेता मोहनलाल गुप्ता, मास्टर ओम प्रकाश गुप्ता, बड़ेलला मद्धेशिया, ओम प्रकाश वर्मा, अवधेश वर्मा, विनोद गुप्त, विजय पंडित सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
छठियार समारोह के दौरान मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति का ऐसा वातावरण बना रहा, मानो पूरा परिसर नंदलाल की बाल लीलाओं की स्मृतियों से जीवंत हो उठा हो। श्रद्धालु राधे-श्रीकृष्ण के दर्शन और भजन-कीर्तन में देर तक रमते रहे। देर शाम तक चले आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महासमाधि दिवस पर यूपी पर्यटन की बड़ी पहल, नीब करोरी बाबा के नाम से बना नया आध्यात्मिक सर्किट
17 सितंबर से यूपी में बजेगा ‘सेवा संकल्प’ का बिगुल, मोदी के 25 साल की कहानी पहुंचेगी गांव-गांव



