
भाजपा समाज के दबे-कुचले के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है-बृजलाल
देवरिया। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा द्वारा देवरिया विधानसभा प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी के समर्थन में सिरजम खास दलित बस्ती में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल को सम्बोधित करते हुये प्रदेश के पूर्व डीजीपी एवं राज्यसभा सदस्य बृजलाल ने सपा- बसपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बसपा ने अनसूचित वर्ग के लोगों को ठगने का कार्य किया है। दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी माफियाओं को माननीय बनाती है। पिछली सपा सरकार में आतंकवादियों के मुकदमे वापस होते थे। गुंडे समानांतर सरकार चलाते थे। भाजपा ही अनसूचित वर्ग की सच्ची हितैषी है।
पूर्व डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक सपा सरकार में दलितों का उत्पीड़न हुआ है। प्रदेश में जब-जब समाजवादी पार्टी की सरकार रही है गुंडों, माफियाओं, आतंकवादियों पर मेहरबानी की गई है। बहुजन समाज पार्टी भी केवल दलित की हितैषी होने का ढोंग रचती है। बसपा की सरकार में भी दलितों के साथ न्याय नहीं होता है।बहन मायावती से कोई तभी मुलाकात कर सकता जब उसके पास पैसा हो। कांग्रेस ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को कभी सम्मान नहीं दिया। भारत रत्न से लेकर बाबा साहब को जो भी सम्मान मिला वह भारतीय जनता पार्टी द्वारा ही दिया गया। भाजपा समाज के हर वर्ग के चेहरे पर खुशी लाने के लिए कार्य करती है। प्रदेश व देश में भाजपा सरकार समाज के दबे कुचले हर वर्ग के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है। इस दौरान अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष राजन सोनकर, रामप्यारे डॉक्टर,आदित्य पासवान,संजय सिंह,अम्बिकेश पाण्डेय,रोहित कुमार,संजय कुमार,रामजनम प्रसाद,शिवानंद प्रसाद आदि रहे।



