
सारनाथ से भाजपा का बड़ा संगठनात्मक मिशन शुरू, जानिए क्यों खास है यह प्रशिक्षण महाअभियान
वाराणसी के सारनाथ स्थित केंद्रीय तिब्बती उच्च शिक्षण संस्थान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय कार्यशाला संपन्न हुई। इसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के पदाधिकारियों ने संगठन मजबूती, बूथ प्रबंधन और वैचारिक विकास पर चर्चा की। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने प्रशिक्षण को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया। कार्यशाला में संगठन विस्तार, चुनाव प्रबंधन, सोशल मीडिया और एआई आधारित तकनीक पर भी मंथन किया गया।
- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के पदाधिकारियों ने बूथ से राष्ट्र स्तर तक संगठन सशक्त बनाने की रणनीति बनाई
वाराणसी : सारनाथ स्थित केंद्रीय तिब्बती उच्च शिक्षण संस्थान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के उत्तर-पूर्व जोन की प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला गुरुवार को वैचारिक संकल्प और संगठनात्मक रणनीति के साथ संपन्न हुई।बैठक में तीनों राज्यों के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संगठन के प्रमुख नेताओं ने भाग लेकर बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में मंथन किया। बैठक के उद्घाटन सत्र में अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किया तथा वंदे मातरम का सामूहिक गान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने उद्घाटन और समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण भाजपा का मूल ध्येय है। इसके लिए आयोजित यह प्रशिक्षण अभियान राष्ट्र निर्माण का महायज्ञ है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण सतत प्रक्रिया है, जिससे कार्यकर्ताओं का बौद्धिक और वैचारिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है और इसके साथ जिम्मेदारियां और चुनौतियां भी बढ़ी हैं। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह महाअभियान राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का महायज्ञ है और प्रशिक्षण वर्ग सादगीपूर्ण तथा सामाजिक सहयोग से संपन्न होना चाहिए। उन्होंने सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता, स्वदेशी चिंतन, अनुशासन और राष्ट्रभावना को आत्मसात करने पर बल दिया।
वहीं राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से प्रशिक्षण महाअभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर और 15 अप्रैल से 20 मई तक जिला स्तर की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिसके बाद प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण होगा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांत भाजपा की विचारधारा का आधार हैं और यह प्रशिक्षण केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं बल्कि वैचारिक सशक्तिकरण का अभियान है, जिससे प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से ओतप्रोत होगा।
चौदह विषयों पर हुआ गहन मंथन
कार्यक्रम के तृतीय और चतुर्थ सत्र में सात टीमों के माध्यम से कुल 14 विषयों पर समूह चर्चा हुई। इनमें भाजपा का इतिहास एवं विकास, चुनाव प्रबंधन, वैचारिक अधिष्ठान, समन्वय की भूमिका, कार्यपद्धति, विचार परिवार, संगठन विस्तार, कार्यकर्ता विकास, बूथ प्रबंधन, कार्यालय संचालन, सरकार की उपलब्धियां, मोदी सरकार की योजनाएं, सोशल मीडिया एवं नमो ऐप, एआई आधारित सरल ऐप और राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां प्रमुख रहीं।
भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष जोर: पंकज चौधरी
समापन सत्र में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष जोर देती है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से बूथ स्तर से प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की नीतियों और जनसेवा के मूल मंत्र से जोड़ा जाएगा। उद्घाटन सत्र का संचालन राज्यसभा सदस्य एवं प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने तथा समापन सत्र का संचालन उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के सह संयोजक राजू भंडारी ने किया। कार्यक्रम का समन्वय क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने किया।
मंचासीन प्रमुख नेता
प्रशिक्षण कार्यशाला में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री एवं सह संयोजक ओम प्रकाश धनखड़, सह संयोजक वी. सतीश, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई और उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मंचासीन रहे।
इन प्रमुख नेताओं की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पुर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी,प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री अनुप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयम्बक त्रिपाठी, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, मुख्तार अब्बास नकवी, साध्वी निरंजन ज्योति, प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, प्रदेश मंत्री मीना चौबे, विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, एमएलसी अश्विनी त्यागी, कौशलेंद्र पटेल, प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय, अशोक चौरसिया, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, अनिल श्रीवास्तव, जगदीश त्रिपाठी, नंद जी पांडेय, सिद्धार्थ कुशवाहा, जेपी सिंह, नम्रता चौरसिया, अरविंद पांडेय, विजय गुप्ता, शैलेंद्र मिश्रा और एडवोकेट अशोक जाटव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
एआई पर सबका अधिकार जरूरी, इसे अमीर देशों तक सीमित नहीं रखा जा सकता : गुटेरेस



