भाजपा का 46वां स्थापना दिवस: काशी के 28,087 बूथों पर होंगे भव्य कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल को काशी क्षेत्र के 28,087 बूथों पर विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। पार्टी कार्यालयों पर ध्वजारोहण, मिष्ठान वितरण और संस्थापक नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 7 से 12 अप्रैल तक ग्राम-बस्ती संपर्क अभियान चलाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
- 6 अप्रैल को ध्वजारोहण, 7-12 अप्रैल तक ग्राम-बस्ती संपर्क अभियान; कार्यकर्ता घरों पर भी फहराएंगे ध्वज
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को काशी क्षेत्र के सभी 28,087 बूथों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रोहनियां स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी और इस वर्ष पार्टी अपना 46वां स्थापना दिवस मना रही है। शीर्ष संगठन के निर्देशानुसार 5, 6 और 7 अप्रैल को मंडल, जिला, क्षेत्र एवं प्रदेश स्तर के सभी पार्टी कार्यालयों को फूलों, लाइटिंग और रंगोली से सजाया जाएगा।
बूथ स्तर तक होंगे आयोजन, कार्यकर्ता घरों पर फहराएंगे ध्वज
क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि 6 अप्रैल को सभी पार्टी कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया जाएगा तथा मिष्ठान वितरण होगा। 6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर संस्थापक नेताओं श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी विचारधारा पर चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराकर सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करेंगे।
7 से 12 अप्रैल तक चलेगा ग्राम-बस्ती संपर्क अभियान
उन्होंने बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक काशी क्षेत्र में ग्राम एवं बस्ती संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत बड़ी विधानसभाओं में कम से कम 50 तथा छोटी विधानसभाओं में 30 बड़े गांव या बस्तियों का चयन किया जाएगा।
अभियान के दौरान स्वच्छता कार्यक्रम, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजनों से संवाद तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से भी संपर्क स्थापित किया जाएगा।
संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया ,बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया, क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी,अनिल श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, सुरेन्द्र पटेल, प्रवीण सिंह गौतम,जे पी दुबे,पीयूष वर्धन सिंह,देवेंद्र मौर्या आदि पदाधिकारी मुख्य रुप से उपस्थित थे ।



