PoliticsUP Live

भाजपा बुलेट ट्रेन की रफ्तार से चार सौ के आंकड़े को पार करेगी : योगी आदित्यनाथ

पिछली सरकारों ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए आतंकवाद और नक्सलवाद को बढ़ावा दिया : योगी.बोले योगी, भाजपा समान नागरिक कानून लागू करेगी.कहा- कांग्रेस के डीएनए का पार्ट ही इमरजेंसी है.

  • कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना, कहा इनका घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम अमीनाबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और सपा पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कांग्रेस और सपा का घोषणा पत्र पूरी तरह से झूठ का पुलिंदा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने भाषा, जाति और क्षेत्र के आधार पर जनता को बांटने का काम किया है। इनकी सरकारों के दौरान राजनीतिक स्वार्थ के लिए आतंकवाद और नक्सलवाद को बढ़ावा दिया गया। सीएम योगी ने यह भी आश्वस्त किया कि भारतीय जनता पार्टी बुलेट ट्रेन की रफ्तार से चार सौ सीटों के आंकड़े को पार करेगी। सीएम योगी यहां लखनऊ लोकसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी और देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के लिए जनता से वोट की अपील कर रहे थे।

कांग्रेस और सपा का इतिहास कलंंकित है
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार चरण में हुई अबतक की वोटिंग की आंच कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर पड़ चुकी है। अब उन्हें झूठ का सहारा लेना पड़ रहा है। सुबह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कह रहे थे कि हम विचारधारा की लड़ाई लड़ रहे थे। मैं पूछना चाहता हूं कि उनकी कौन सी विचारधारा है। उन्होंने हमेशा देश में हमेशा विभाजन की राजनीति की है। भारत के विभाजन से लेकर स्वार्थ के लिए भाषा, जाति और क्षेत्र के आधार पर बांटने का काम किया है।

अब इनके पास कोई आधार नहीं बचा तो भारत की आस्था पर प्रहार करने लगे हैं। इनका इतिहास इस बात के लिए कलंकित है। इन्हें जब भी मौका मिलता है तो ये राजनीतिक स्वार्थ के लिए आतंकवाद और नक्सलवाद को बढ़ावा देते हैं। सीएम ने कहा कि इनमें से एक श्रीराम के अस्तित्व को नकारता रहा है, जबकि दूसरा रामभक्तों पर गोली चलवाता था। सही मायनों में देखें तो अबतक जिस प्रकार की लहर देश में है, आज पूरा देश एक स्वर में कह रहा है कि ‘फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार चार सौ पार’।

पूरा देश देख रहा है कि ये किसकी वकालत कर रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को भारत में कोई समर्थन नहीं मिल रहा है तो पाकिस्तान से अपने पक्ष में बयानबाजी कराई जा रही है। एक भारत है जिसने कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन की सुविधा दी, वहीं पाकिस्तान में 23 से 24 करोड़ की आबादी भूखों मर रही है। वहां एक किलो आटा के लिए सड़कों पर उपद्रव और मारपीट हो रहे हैं। उस पाकिस्तान का राग अलापने वाले कांग्रेस और सपा के लोग कहते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ न बोलो क्योंकि उसके पास एटम बम है। अगर उनके पास एटम बम है तो हमारे एटम बम क्या फ्रीज में रखने के लिए हैं। पूरा देश देख रहा है कि ये किसकी वकालत कर रहे हैं।

अब यूथ ही नहीं शहर भी स्मार्ट बन रहे हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा पुख्ता हुई है, नक्सलवाद और आतंकवाद पर नकेल कसी गई है। देश में नये हाईवे बन रहे हैं, वंदे भारत और नमो भारत जैसी वर्ल्ड क्लास ट्रेनें चल रही हैं। नये एक्सप्रेस वे, मेट्रो, एम्स, आईआईटी, आईआईएम बन रहे हैं। अब यूथ ही नहीं शहर भी स्मार्ट बन रहे हैं। सीएम ने गरीब कल्याण की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि देश में 50 करोड़ लोगों को जनधन एकाउंट से सीधे उनके खाते में धनराशि भेजी जा रही है, 12 करोड़ शौचालय बने हैं, 10 करोड़ घरों को उज्जवला योजना से लाभान्वित किया गया है। मोदी जी के कार्यकाल में चार करोड़ गरीबों को आवास देने का काम हुआ है।

सबका साथ सबका विकास आज देश का मंत्र बन गया है
सीएम ने कहा कि भारत के हित के लिए अगर एक प्रधान है तो एक विधान भी होगा। भाजपा समान नागरिक कानून लागू करेगी। हमने अपने संकल्प पत्र में ये बात कही है। किसी योजना में हमने जाति, मत, मजहब को प्राथमिकता नहीं दी। सबका साथ सबका विकास आज देश का मंत्र बन गया है। इसके बावजूद कोई कहता है कि हमें विकास नहीं दिखाई दे रहा, तो जिसके पास आंख होते हुए भी नहीं दिखे उसे भगवान भी नहीं बचा सकता। कांग्रेस और सपा का घोषणापत्र भारत के खिलाफ षडयंत्र की बात करता है। कांग्रेस के 60 साल में देश का बेड़ा गर्क कर दिया गया।

कांग्रेस के डीएनए का पार्ट ही इमरजेंसी है। इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस चुकी है। ये वरासत टैक्स लगाने की बात करते हैं। कहते हैं कि आपकी संपत्ति का सर्वे करा के बांट देंगे। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलती है और कहती है कि भाजपा आएगी तो संविधान बदल देगी। जबकि हमने आरक्षण को मजबूती देते हुए एससी, एसटी और ओबीसी को उसका हक को देने का कार्य किया है। कांग्रेस और सपा का इतिहास इसम मामले में कालिख से पुता हुआ है। कांग्रेस ने रंगनाथ मिश्रा कमेटी और सच्चर कमेटी के आधार पर पिछड़ी जाति को मिलने वाले आरक्षण को काटकर मुसलमानों को देने का प्रयास किया, जिसका भाजपा ने प्रखर विरोध किया था।

राजनाथ सिंह ने अटल जी के सपनों को सच किया है
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजनाथ सिंह ने अटल जी के सपनों को लखनऊ में सच किया है। यहां का न केवल विकास हुआ है बल्कि लखनऊ की चिकनकारी पूरी दुनिया में धूम मचा रही है। आज यहां के एयरपोर्ट की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। यहां बनने वाले मिसाइल की धमक से पाकिस्तान की पैंट गीली हो जाती है। लखनऊ को रिकॉर्ड मतों से राजनाथ सिंह को चुनकर तीसरी बार यहां से संसद में भेजना होगा।

इस अवसर पर रक्षामंत्री और सांसद प्रत्याशी राजनाथ सिंह, प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, एमएलसी डॉ महेन्द्र सिंह, जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी, एमएलसी और लोकसभा के संयोजक मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, डॉ गुरमीत सिंह, बीजेपी के पदाधिकारी और पार्षदगण सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button