Politics

मोदी की मां के एआई वीडियो पर बिफरी भाजपा

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां को गाली देना का मामला शुक्रवार सुबह बिहार कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया एक्स हैंडल से कृत्रिम बौद्धिकता (एआई) द्वारा निर्मित वीडियो जारी करने के बाद एक बार फिर से सुलग उठा है।

एआई वीडियो को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की मां का जानबूझकर और बार-बार अपमान देश और बिहार की जनता माफ नहीं करेगी। इस वीडियो को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने भी कांग्रेस पर हमला बोला है। वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का कहना है कि उनकी (प्रधानमंत्री मोदी) दिवंगत मां के प्रति अनादर कहां है, मुझे एक शब्द, एक इशारा, कहीं भी दिखाइए जहां आप अनादर देखते हैं।

कांग्रेस के एआई वीडियो पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बेशर्मी पर उतर आयी है। पहले कांग्रेस के मंच से श्री मोदी की मां को गाली दी गयी और अब एआई वीडियो बनाकर उनकी मां का अपमान कर रही है। जिस तरह कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की मां का वीडियो बनाया है, जो अब इस दुनिया में भी नहीं हैं उनके बारे में इस तरह का वीडियो बनाना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी इससे बाज आए। पूरे देश और बिहार की जनता उस मां के अपमान का बदला जरूर लेगी, जो अब इस दुनिया में भी नहीं हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस वीडियो को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बार फिर प्रधानमंत्री की मां का अपमान कर रही है। यह अब गांधी की कांग्रेस नहीं रही, यह गालियों की कांग्रेस बन गयी है।वहीं, एक अन्य भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी की मां का अपमान लगातार कर रही है। बिहार की जनता प्रदेश की माताओं और बहनों का मजाक उड़ाने वाली इंडिया गठबंधन को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि यह न केवल असंवेदनशील है, बल्कि यह देखना घिनौना भी है कि एक पार्टी देश के गरीबों से इतनी नफरत करती है। कांग्रेस महिला विरोधी है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री की मां का अपमान निंदनीय है और देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता उन्हें सबक सिखाएगी क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी की मां हमारी मां समान हैं।भाजपा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए इसे राजनीति का एक नया निचला स्तर बताया।इस एआई वीडियो को लेकर जेडीयू ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है।

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीति में मानसिक दुराग्रह से पीड़ित है। पितृ पक्ष में एआई वीडियो के माध्यम से ऐसी टिप्पणी करना पितर का अपमान माना जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निर्लज्जता की पराकाष्ठा पर पहुंच गई है। यह सीता की धरती है, इस धरती पर मां-बेटी का कोई अपमान करेगा तो उसे बिहार सहन नहीं करेगा।जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माताजी को पहले इनके मंच से गालियां दी गईं और फिर इनकी इस वीडियो के माध्यम से उनका घोर अपमान किया गया है… कांग्रेस के लिए आने वाला समय बहुत मुश्किल होने वाला है।

कांग्रेस ने किया हर मां की गरिमा का अपमान : रेखा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादाओं की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस ने सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां का अपमान नहीं बल्कि हर मां की गरिमा का अपमान किया है।श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा, ‘जनविश्वास खो चुकी कांग्रेस ने राजनीतिक मर्यादाओं की पूरी तरह धज्जियाँ उड़ा दी हैं। पहले सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीय माता का अपमान किया और अब झूठे एआई वीडियो के जरिए वही घृणित कृत्य कांग्रेस दोहरा रही है। यह केवल प्रधानमंत्री की माँ का नहीं, हर माँ की गरिमा का अपमान है।

‘उन्होंने कहा कि यह संयोग नहीं, बल्कि सुनियोजित षड्यंत्र है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर ही प्रधानमंत्री की माता को लगातार अपमानित किया जा रहा है। कांग्रेस का यह घृणापूर्ण और ओछा व्यवहार महिलाओं और माताओं के सम्मान का घोर उल्लंघन है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति में माँ को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है और कांग्रेस बार-बार इसे आहत कर रही है। भारत की हर माँ का सम्मान सुरक्षित रहना चाहिए। कांग्रेस को अपनी इस नफरत की दुकान को बंद करके, देश की हर माता से माफी माँगनी चाहिए।उल्लेखनीय है कि बिहार कांग्रेस ने ‘साहब के सपनों में आई मां’ शीर्षक से एक्स पर एक वीडियो साझा किया जिसको लेकर विवाद छिड़ गया है।(वार्ता)

एआई जनित फर्जी वीडियो से पीएम मोदी और उनकी माता की छवि धूमिल करने का आरोप

बर्बर विदेशी आक्रांताओं ने जिन धर्मस्थलों को किया था अपवित्र, अब उनका ससम्मान पुनर्प्रतिष्ठा होनी चाहिए : सीएम योगी

नेपाल : सुशीला कार्की बनीं पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button