PoliticsVaranasi

काशी में ऐतिहासिक स्वागत से भावुक हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बोले- कार्यकर्ता ही हमारी असली ताकत

  • 2027 की तैयारी का बिगुल, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान

वाराणसी। देवों के देव महादेव की नगरी काशी में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में प्रथम आगमन पर मिले अभूतपूर्व स्वागत से भाव-विभोर पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि हैं और संगठन ही भारतीय जनता पार्टी की असली पहचान है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और उन्हीं के बल पर पार्टी निरंतर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

रोहनिया के जगतपुर स्थित गोकुल धाम रिसोर्ट में आयोजित काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं हजारों कार्यकर्ताओं की भव्य बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बावजूद जिस प्रकार कार्यकर्ताओं ने यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्वागत और अभिनंदन किया, वह उनके राजनीतिक जीवन के सबसे भावुक क्षणों में से एक है। उन्होंने कहा कि काशी पहुंचने में जो विलंब हुआ, उसका कारण यही था कि वे हर उस कार्यकर्ता का सम्मान स्वीकार करना चाहते थे, जो घंटों सड़कों पर खड़ा रहकर उनका इंतजार कर रहा था।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें 1989 में सभासद, 1990 में डिप्टी मेयर बनाया, नौ बार लोकसभा प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा और केंद्र सरकार में दो बार वित्त राज्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जो बड़ी जिम्मेदारी मिली है, वह संगठन और कार्यकर्ताओं के अटूट भरोसे का ही परिणाम है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की रीढ़ हैं और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश का मजबूत और समृद्ध होना आवश्यक है। इसके लिए 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2017 से भी बड़ी जीत दिलाना हम सबका लक्ष्य होना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि योगी सरकार ने कभी ‘बीमारू राज्य’ कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश को एक नई पहचान दी है। कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और निवेश के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब विश्व मंच पर भारत की बात को गंभीरता से नहीं सुना जाता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आवाज को पूरी दुनिया सम्मान के साथ सुनती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को मोदी सरकार ने जमीन पर उतारने का कार्य किया है, जिसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने वाला कार्यकर्ता ही आगे बढ़ता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान में पूरी सक्रियता से जुटने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के गान से हुई। प्रारंभ में जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष को त्रिशूल भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने की, जबकि संचालन अशोक चौरसिया ने किया।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, राज्यसभा सदस्य एवं काशी क्षेत्र प्रभारी अमरपाल मौर्य, प्रदेश महामंत्री संजय राय, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, सांसद सीमा द्विवेदी, सांसद साधना सिंह, जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित काशी क्षेत्र के सभी सोलह जिलों के जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक, पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भव्य संगठनात्मक एकता और कार्यकर्ताओं के उत्साह से ओत-प्रोत यह कार्यक्रम काशी में भाजपा की मजबूत जड़ों और आगामी चुनावी तैयारियों का स्पष्ट संदेश देता नजर आया।

भ्रष्टाचार पर सर्जिकल स्ट्राइक! पंकज चौधरी ने खोले मनरेगा के ‘काले सच’

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button