Crime

जौनपुर में भाजपा नेता की गोली मारकर की हत्या

जौनपुर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बोधापुर गांव निवासी भाजपा के किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रमोद यादव (55) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मौजूदा समय में भाजपा संगठन के जिला महामंत्री थे। घटना को लेकर इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। भाजपा नेता की हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस टीम आनन-फानन मौके पर पहुंची और छानबीन कर रही है। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे जब प्रमोद यादव घर से बाहर निकले थे, तभी इन बदमाशों ने उन्हें निमंत्रण कार्ड देने के बहाने रोक लिया था। बदमाशों ने प्रमोद यादव को 3 गोलियां मारीं और मौके से कुछ ही दूर पर बाइक छोड़ फरार हो गए। इस दौरान जब प्रमोद यादव को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी उनकी रास्ते में मौत हो गई।मौके पर बदमाशों की बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस जांच में जुटी है। मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा भी पहुंचे हैं। स्थानीय लोगों व परिवार वालों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

प्रमोद यादव भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष थे। इसके पहले 2012 में वे मल्हनी से भाजपा के टिकट से ही दो बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। घटना की सूचना पर मौके पर भाजपा नेताओं का जमावड़ा लगा है। लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button