
नयी दिल्ली : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी के समीप सोमवार को अगरतला-सियालदह कंचनजंघा एक्सप्रेस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को ढाई-ढाई लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।श्री वैष्णव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “पीड़ितों को बढ़ी हुई अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। मृत्यु की स्थिति में 10 -10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल के लिए 2.5-2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों के लिए 50,000-50,000 रुपये।”उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी के समीप सोमवार को अगरतला-सियालदह कंचनजंघा एक्सप्रेस की मालगाड़ी की टक्कर से मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गयी है जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
मोदी ने बंगाल रेल हादसे में मृतकों के परिजनों को दाे-दो लाख रूपये देने की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में रेल दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो दो लाख रुपये तथा 50-50 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की है और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर अपनी पोस्ट में जानकारी दी कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में रेल दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो दो लाख रुपये देने की घोषणा की है तथा घायलों को 50 – 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।श्री मोदी ने अपनी पोस्ट में दुर्घटना पर दुख जताते हुए लिखा, “पश्चिम बंगाल में रेल दुर्घटना दुखद है। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। अधिकारियों से बात की और स्थिति का जायजा लिया। प्रभावितों की सहायता के लिए बचाव अभियान जारी है।
”केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, “पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी में हुआ रेल हादसा बहुत दुःखद है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।”पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि यात्रियों को और अधिक सहायता प्रदान करने के लिए नैहाटी स्टेशन पर अतिरिक्त हेल्प डेस्क भी स्थापित किया जा रहा है। निहाटी में हेल्पलाइन नंबर:- रेलवे नंबर 39222। बीएसएनएल नंबर 033-25812128 है। घटना के बारे में जानकारी या सहायता चाहने वाले यात्री इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
रेल दुर्घटना के लिए मोदी सरकार का कुप्रबंधन जिम्मेदार: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पश्चिम बंगाल में रेल दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि इसके लिए मोदी सरकार का कूप्रबंधन जिम्मेदार है।श्री खड़गे ने सोमवार को यहां जारी संदेश में कहा कि दुर्घटना में पीड़ित लोगों और परिजनों को तत्काल मुआवजा दिया जाना चाहिए और उनको चिकित्सा मदद उपलब्ध कराई जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि कंचनजंगा एक्सप्रेस रेलगाड़ी का दुर्घटना ग्रस्त होना और उसमें लोगों का हताहत होना दुखद है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी पीड़ितों के साथ है।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 10 साल में मोदी सरकार के अधीन रेल मंत्रालय में कुप्रबंधन रहा है।मोदी सरकार ने रेलवे प्लेटफार्म को कैमरा प्लेटफार्म में परिवर्तित कर दिया है जिसमें अपनी छवि बनाई जा रही है।श्री खड़गे ने कहा कि आज की दुर्घटना इस कूप्रबंधन की हकीकत है।(वार्ता)



