स्थापना दिवस से पहले भाजपा का स्वच्छता अभियान, काशी क्षेत्र के 16 जिलों में दिखा उत्साह
भाजपा के स्थापना दिवस से पूर्व वाराणसी सहित काशी क्षेत्र के 16 जिलों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से इसकी शुरुआत हुई, जहां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर सफाई और सजावट की। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को संस्कार बनाना और संगठनात्मक एकता को मजबूत करना रहा।
- रोहनिया क्षेत्रीय कार्यालय से अभियान की शुरुआत, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संभाली जिम्मेदारी
वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी के 6 अप्रैल को मनाए जाने वाले स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर काशी क्षेत्र में संगठनात्मक उत्साह और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिला। वाराणसी जिला व महानगर सहित काशी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 16 जिलों के पार्टी कार्यालयों में शनिवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कार्यालयों को स्वच्छ, सुसज्जित और उत्सवमय बनाने का संकल्प लिया।
अभियान की शुरुआत भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में की। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान का संदेश दिया और कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। उनके साथ जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर के प्रत्येक कक्ष में व्यापक सफाई अभियान चलाया। झाड़ू-पोछा के साथ-साथ पानी से धुलाई कर कार्यालय को पूरी तरह स्वच्छ किया गया। परिसर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं और चित्रों की भी विशेष रूप से सफाई की गई।
स्वच्छता अभियान के तहत कार्यालय के ग्राउंड एरिया में भी साफ-सफाई कर कचरे का समुचित निस्तारण किया गया। इसके साथ ही स्थापना दिवस समारोह को भव्य रूप देने के लिए कार्यालय को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाने का कार्य भी प्रारंभ किया गया, जो देर शाम तक जारी रहा। पूरे परिसर को उत्सव के अनुरूप सजाने की तैयारियां जोरों पर रहीं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि भाजपा कार्यालय केवल संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए संस्कारों की पाठशाला और मंदिर के समान है। उन्होंने स्वच्छता को जीवन का अनिवार्य संस्कार बताते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति इसे अपनाए, तो समाज में सकारात्मक बदलाव के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2014 को काशी से शुरू किए गए स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल आज जन आंदोलन का रूप ले चुकी है।
स्थापना दिवस के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ स्तर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही बूथ समितियों, पन्ना प्रमुखों, सक्रिय व प्राथमिक सदस्यों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का एकत्रीकरण किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर वरिष्ठ कार्यकर्ता का एकल संबोधन भी आयोजित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर पार्टी ध्वज फहराने और कार्यक्रमों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य से है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण में ही स्वस्थ शरीर और सकारात्मक मन का विकास संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि 6 अप्रैल को स्थापना दिवस के अवसर पर रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में अपराह्न 1 बजे से भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक भाग लेंगे।
स्वच्छता अभियान और तैयारियों के दौरान राजेश राजभर, सुरेंद्र पटेल, प्रवीण सिंह गौतम, श्रीप्रकाश शुक्ला, संतोष सोलापुरकर, डॉ. जेपी दुबे, उषा मौर्या, पवन सिंह, अरविंद पटेल, विपिन पाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महाकाल की नगरी उज्जैन के बाद विश्वनाथ की नगरी काशी में स्थापित की हुई वैदिक घड़ी
गुंडों-माफिया के लिए यूपी में कोई जगह नहीं: गोरखपुर में CM योगी का सख्त संदेश



