
बापू के शहादत दिवस पर,बापू के भव्य प्रतिमा का हुआ अनावरण
आदिवासी महासम्मेलन में गुमनाम सुराजियों को दी गयी श्रद्धांजलि
दुद्धी, सोनभद्र- बापू के शहादत दिवस पर शनिवार को आदिवासी गांव में नगवा में जैव विविधता, संस्कृति परम्परा, स्वावलंबन, सादगी एवं कर्मठता का अनूठा संगम देखने को मिला।अवसर था बापू के भव्य प्रतिमा का अनावरण एवं आदिवासी महासम्मेलन का। जिसमें दूर दूर आये हजारो आदिवासी परिवार के लोगों ने बापू एवं गुमनाम सुराजियों को नमन कर याद किया।हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर आयोजित होने वाले आदिवासी सम्मेलन में आदिवासी संस्कृति एवं धरोहरों की संरक्षण पर बल दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक हरीराम चेरो, अति विशिष्ट अतिथि पूर्व एमएलसी विनीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ विधायक वृहस्पति सिंह खरवार ने बापू की भव्य प्रतिमा एवं सुराजी स्तम्भ का अनावरण कर किया।रामधुन की मधुर संगीत के बीच बापू की विहंगम प्रतिमा के अनावरण पश्चात अतिथियों द्वारा बापू को कच्चा धागा एवं पुष्प की माला अर्पित कर,दिप प्रज्वलित की गई।पर्यवरण के संरक्षण हेतु सभी अतिथियों द्वारा पौधरोपण भी किया गया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि समेत अन्य अतिथियों ने कहा कि आजादी की लड़ाई में आदिवासी समाज के दर्जनों गुमनाम सुराजियों ने देश की आन बान शान के लिए हँसते हँसते अपने प्राणों की आहुति दी है।अहिंसा के पुजारी बापू की शहादत दिवस एवं गुमनाम सुराजियों को याद में आयोजित होने वाले आदिवासी महासम्मेलन में आदिवासी संस्कृति की रक्षा,शिक्षा एवं सबको सत्य अहिंसा का संकल्प दिलाना ऐतिहासिक क्षण है।सभी वक्ताओं ने आदिवासी समाज की सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा एवं नशा उन्मूलन पर जोर दिया।
कार्यक्रम संयोजक भाई महेशानंद ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा सत्य अहिंसा का संकल्प लेने पर ही गांधी जी की मूर्ति की स्थापना कराई गई है।अति विशिष्ट अतिथि विनीत सिंह ने बापू की प्रतिमा प्रदान की।इसके साथ ही बापू की प्रतिमा स्थल व गुमनाम सुराजी स्तम्भ चबूतरा को पिलर छत से सुसज्जित निर्माण कराने की घोषणा की।जिसका मंचासीन अतिथियों समेत आदिवासी समाज द्वारा तालियों से स्वागत किया गया।
इस मौके पर अतिथियों समेत आदिवासी समाज के योग्य व कर्मठ लोगों का अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह से सम्मान किया गया।अध्यक्षता लखमन देवी ने किया। इस मौके पर पूर्व सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार, क्रय विक्रय के अध्यक्ष रामेश्वर राय, रामलोचन तिवारी, सुरेंद्र सिंह, पंकज सिंह कोतवाल,डॉ गौरव सिंह,हरिकिशुन,भीम सिंह समेत दर्जनों गणमान्य उपस्थित रहे।





