UP Live

बलियाःकोरोनाकाल में बिल्थरारोड में अनेकों ने तोड़ा दम, 15 दिन तक बाजार बंद रखने का चल रहा आनलाइन मंथन

बलियाः कोरोनाकाल में समुचित इलाज के अभाव और समय पर आक्सीजन उपलब्धता के अभाव में लगातार लोग दम तोड़ रहे है। जिसके कारण जनपद बलिया के बिल्थरारोड नगर के बाजार को अब एहतियातन लगातार 15 दिन तक बंद करने का आनलाइन मंथन जारी है। जिसे लेकर सभी एकमत बनाने को लेकर चर्चा कर रहे है। फेसबुक और व्हाटशप ग्रुप पिछले 48 घंटों से ऐसे चैटिंग से भरा पड़ा है। कोरोना के कारण रविवार को भी क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव में कोरोना मरीज उमेश गुप्ता (32) ने दम तोड़ दिया।

पिछले दस दिन से कोरोना से ग्रसित उमेश गुप्ता का रविवार को अचानक आक्सीजन लेवल नीचे गिर गया। जिसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल मऊ ले जाया जा रहा था किंतु रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं मुहम्मदपुर गांव के ही मूल निवासी और वर्तमान में बिल्थरारोड वार्ड सं. 7 निवासी मदन लाल गुप्ता (65) का भी निधन हो गया। वे भी पिछले कई दिनों से कोरोना पाॅजिटीव थे। इधर नगर निवासी रिजवान मास्टर साहब, रामलाल वर्मा, पूर्व प्रिंसिपल रमाकांत यादव, नपं के पूर्व सफाई नायक शिवचंद का भी अचानक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। जबकि पिछले महज एक सप्ताह में ही नगर के सभासद प्रतिनिधि कमलेश राजभर, संजय चक्रवर्ती, मनोज मद्धेशिया समेत कई लोगों का निधन हो गया। जिससे पूरा नगर गमगीन है।

यहां हर सुबह दो-तीन लोगों के मौत की सूचना से नगरवासी भयभीत सा है। अपुष्ट आंकड़ों की माने तो नगर में अब तक करीब 30 लोगों की मौत हो चुकी है। लोगों के मौत के बढ़ते आंकड़ों के कारण ही अब नगर को 15 दिन तक बंद करने पर आनलाइन चर्चा जारी है किंतु अब तक कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है। सभी नगरवासी अब नगर के चेयरमैन दिनेश गुप्ता, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रशांत कुमार मंटू और संयुक्त व्यापार मंडल संग अन्य व्यापारी नेताओं के अंतिम निर्देश का इंतजार कर रहे है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button