Crime

गोरखपुर में शादी समारोह से 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी अशोक निषाद गिरफ्तार

गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र के मेंहदरिया गांव में शादी समारोह के दौरान 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना सामने आई। बच्ची को आरोपी अशोक निषाद बहला-फुसलाकर ले गया और सुनसान स्थान पर गंभीर हालत में छोड़ दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पीड़िता का इलाज जारी है।

  • पीपीगंज के मेंहदरिया गांव में वारदात, सीसीटीवी फुटेज से पहचान; पॉक्सो एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

गोरखपुर : पीपीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल कौड़िया के मेंहदरिया गांव में एक शादी समारोह के दौरान 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अशोक निषाद उर्फ टुनटुन (22) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची अपने दादी के साथ उनके मायके में आयोजित एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे जयमाल कार्यक्रम के दौरान बच्ची अचानक लापता हो गई। काफी देर तक खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद शादी समारोह की ड्रोन रिकॉर्डिंग और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें आरोपी अशोक निषाद बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया।

परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन तेज की और समारोह स्थल से करीब 150 से 200 मीटर दूर एक सुनसान स्थान पर बच्ची खून से लथपथ और गंभीर हालत में पड़ी मिली। बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कौड़िया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर शनिवार तड़के क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह, पीपीगंज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू की।

क्षेत्राधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि घटना की सूचना डायल 112 पर तड़के करीब 3 बजे प्राप्त हुई थी। पीड़िता के बाबा की तहरीर पर थाना पीपीगंज में मुकदमा अपराध संख्या 53/2026 धारा 65(2) भारतीय न्याय संहिता और 5एम/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पीपीगंज अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी अशोक निषाद पुत्र बृज बिहारी निषाद, निवासी मेंहदरिया थाना पीपीगंज को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विकास मिश्रा (चौकी प्रभारी जंगल कौड़िया), उपनिरीक्षक अनिकेत भारती, कांस्टेबल प्रभाकर सिंह और कांस्टेबल अमरनाथ यादव शामिल रहे।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है।

गोरखपुर में 10वीं के छात्र की निर्मम हत्या: पार्टी के बहाने बुलाकर 35 चाकू के वार, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पीपीगंज में रेलवे लाइन पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस पहचान में जुटी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button