Varanasi

अशोक अग्रवाल ‘नाटी इमली’ के निधन से शोक में डूबा काशी अग्रवाल समाज

काशी अग्रवाल समाज के वरिष्ठ समाजसेवी अशोक अग्रवाल 'नाटी इमली' को सोमवार को मणिकर्णिका घाट पर भावभीनी अंतिम विदाई दी गई। लगभग 40 वर्षों तक विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण दायित्व निभाने वाले अशोक अग्रवाल के निधन को समाज ने अपूरणीय क्षति बताया। विभिन्न संस्थाओं में शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

वाराणसी : काशी अग्रवाल समाज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं धार्मिक संस्थाओं में लगभग चार दशकों तक प्रधानमंत्री एवं उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निस्वार्थ भाव से निर्वहन करने वाले आदरणीय अशोक अग्रवाल ‘नाटी इमली’ को सोमवार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। उनका 26 जुलाई की रात्रि हृदयाघात से निधन हो गया था।

सोमवार को उनके आवास से निकली अंतिम यात्रा मणिकर्णिका घाट के लिए रवाना हुई। मार्ग में अग्रसेन डिग्री कॉलेज परिवार ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं चौक स्थित ऋतिका ज्वैलर्स पर अग्रसेन सेवा संस्थान, संकल्प तथा काशी अग्रवाल समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मणिकर्णिका घाट पर उनके ज्येष्ठ पुत्र आदित्य अग्रवाल ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में काशी अग्रवाल समाज की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर अनिल जैन, आलोक जैन, पंकज अग्रवाल (ब्रह्मघाट), छोटे लाल, संतोष अग्रवाल (आढ़त वाले), संतोष अग्रवाल (कर्णघंटा), संजय अग्रवाल (गिरिराज), हरीश जी, डॉ. मधु अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, श्रीमोहन अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, पी.के. अग्रवाल (सीए) सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

दिवंगत अशोक अग्रवाल के निधन पर काशी अग्रवाल समाज की सभी प्रमुख शैक्षणिक संस्थाओं अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज, अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, अग्रसेन महाजनी महाविद्यालय एवं अग्रसेन शिशु विहार में शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शोकसभा के उपरांत दिवंगत आत्मा के सम्मान में सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर शैक्षणिक कार्य स्थगित रखा गया।

काशी अग्रवाल समाज ने अशोक अग्रवाल के निधन को समाज की अपूरणीय क्षति बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

एंटी-ड्रोन सिस्टम और जियो-फेंसिंग से सुरक्षित रहेगा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button