
वाराणसी। जमानियां में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात विनय कुमार यादव को आज 10 हजार रुपये रिश्वत लेते एंटी करप्शन वाराणसी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ़्तार किया है। बताया गया कि वाराणसी की एंटी करप्शन टीम से सुहवल भगीरथपुर निवासी ग्राम प्रधान संतोष शर्मा ने शिकायत किया था कि गांव में बने पंचायत भवन निर्माण के दौरान मजदूरों के भुगतान के लिए ग्राम विकास अधिकारी उनसे 10000 रुपये की घूस मांग रहा है।
इस सूचना पर एंटी करप्शन के अधिकारियों ने उसे रंगे हाथ पकड़ने का फैसला किया। आज प्रधान को रुपये 10000 देकर उक्त ग्राम विकास अधिकारी के पास भेजा गया। उसने जैसे ही रुपया पकड़ा एंटी करप्शन की टीम ने उसे दबोच लिया। नोट वाले हाथ जब धुलवाए गये तो उसके हाथ लाल हो गए । सबूत के साथ टीम ने उसके खिलाफ सुहवल थाने में मुकदमा दर्ज कराया वसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तारी के दौरान उपेंद्र सिंह, संतोष , पुनीत सिंह आदि मौजूद रहे।
लालपुर इलाके में दो बदमाश गिरफ्तार
वाराणसी। लालपुर पांडेपुर थाना अंतर्गत लमही के बंजारा रेस्टोरेंट के समीप से पुलिस ने छापेमारी कर दो बदमाशों को धर दबोचा,जबकि एक भागने में सफल रहा। गिरफ्तार गोसाईपुर निवासी करण कुमार और पंकज भारद्वाज ने पुलिस को बताया कि बीते दिनों बंजारा रेस्टोरेंट के समीप से उन्होंने मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया था ।इसके पूर्व भी वे कई लूट की घटना कर चुके थे। आज मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीनो लोग फिर किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे।इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। सीओ कैंट अभिमन्यु मांगलिक ने उन्हें लालपुर थाने में मीडिया के सामने पेश किया। गिरफ्तारी में दरोगा संतोष कुमार ,उपेंद्र यादव ,पंकज कुमार, राकेश आदि शामिल रहे।
सारनाथ में हत्यारोपी गिरफ्तार
वाराणासी। सारनाथ थाना अंतर्गत सिंहपुर अंडरपास के पास आज पुलिस ने छापेमारी कर हाल पता रुप्पनपुर नटुई निवासी पंकज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके ऊपर सारनाथ नटुई में हत्या का मामला दर्ज है । हत्यारोपी मूल रूप से राजापुर बहरियाबाद का रहने वाला बताया गया। आज मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का अभियुक्त पंकज कहीं भागने की फिराक में सिंहपुर अंडरपास के पास मौजूद है। आनन फानन में थाना प्रभारी भूपेश राय ,आशापुर चौकी प्रभारी राजीव सिंह ने सदलबल छापेमारी कर अभियुक्त को धर दबोचा। बाद में उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।


