National

‘अमृत महोत्सव’ आजादी के नायकों को जानने और याद करने का महत्वपूर्ण कार्यक्रम: प्रकाश जावडेकर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत शनिवार को देश में सात स्थानों पर आयोजित प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया।

आजादी के अमृत महोत्सव का उद्देश्य

नई दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में आयोजित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए उन्होंने इसे देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण पल बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा, यह देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण घड़ी है। इस महोत्सव के माध्यम से लोग यह जानें कि हमें आजादी कैसे मिली और 75 साल के बाद आज हम कहां तक पहुंचे और आने वाले 25 साल में कहां तक पहुंचेंगे। आजादी के महोत्सव का उद्देश्य यही है कि आजादी दिलाने वाले नायकों को याद कर आगे बढ़ने का संकल्प लें।

देश में 7 जगहों पर लगी प्रदर्शनी

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल इस अमृत महोत्सव का उद्घाटन किया है। इस कार्यक्रम के तहत 75 स्थानों पर यह प्रदर्शनी लगी है। आजादी की यह प्रदर्शनी और भी बेहतर की जा रही है ताकि लोगों को इतिहास के बारे में उनकी भाषा में जानकारी मिले। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि लोग आज गांधी जी, नेताजी, अम्बेडकर जी, नेहरू जी, खुदीराम बोस, भगत सिंह, सुखदेव सभी को याद करें क्योंकि इन्हीं की बदौलत देश को आजादी मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि इस उपलक्ष्य में सूचना प्रसारण मंत्रालय भी अनेक कार्यक्रमों को दूरदर्शन और आकाशवाणी पर भी करेंगे। गौरतलब हो प्रकाश जावड़ेकर ने जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में, बेंगलुरु, पुणे, भुवनेश्वर, मणिपुर के मोइरंग जिले और बिहार के पटना में प्रदर्शनियों का भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया।

15 अगस्त 2023 तक चलेगा ‘अमृत महोत्सव’

इस अवसर पर केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे ने कहा, आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रदर्शनी का कार्यक्रम 15 अगस्त 2022 से 75 सप्ताह पूर्व शुरू हुआ है जो 15 अगस्त 2023 तक चलेगा। इस कार्यक्रम के लिए गठित की गई राष्ट्रीय समिति ने हर मंत्रालय को यह जिम्मेदारी दी गई है कि अपने-अपने मंत्रालय के माध्यम से आम लोगों को प्रेरित करें। इस महोत्सव का उद्देश्य है कि आजादी के लिए जो कुर्बानियां देशभक्तों ने उनका स्मरण एक बार पुन: नई पीढ़ी द्वारा किया जाए।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button