NationalUP Live

अमृत-2.0 से बदलेगी काशी की तस्वीर: 259 करोड़ की सीवर-पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी

अमृत-2.0 योजना के तहत वाराणसी में 259 करोड़ रुपये की सीवर और पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। रामनगर, सूजाबाद और 18 वार्डों में नई पाइपलाइन, एसटीपी और पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। 13,645 घरों को मुफ्त सीवर कनेक्शन मिलेगा। इससे 200 साल पुरानी पाइपलाइन की समस्या दूर होगी, पानी का लाइन लॉस कम होगा और सप्लाई प्रेशर बढ़ेगा। होली के बाद कार्य शुरू होने की संभावना है, जिससे हजारों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

  • रामनगर, सूजाबाद सहित 18 वार्डों में बिछेगा नया नेटवर्क, 13,645 घरों को मिलेगा मुफ्त सीवर कनेक्शन

वाराणसी : केंद्र और राज्य सरकार वाराणसी के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में अमृत-2.0 योजना के तहत वाराणसी नगर निगम के 18 अति-प्रभावित वार्डों और नव विस्तारित क्षेत्रों में सीवर एवं पेयजल व्यवस्था के व्यापक सुदृढ़ीकरण के लिए 259 करोड़ रुपये से अधिक की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शासन ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। शासन की ओर से इन परियोजनाओं की प्रथम किस्त भी अवमुक्त कर दी गई है तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ऐसे में होली के बाद सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू होने की संभावना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास संकल्प के अनुरूप इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर की पेयजल और सीवर व्यवस्था में व्यापक और स्थायी सुधार सुनिश्चित किया जाएगा। इससे न केवल पुराने क्षेत्रों की समस्याएं दूर होंगी, बल्कि नव विस्तारित क्षेत्रों को भी आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

रामनगर में 190 करोड़ से बनेगा आधुनिक सीवर नेटवर्क

नव विस्तारित रामनगर जोन में सीवर नेटवर्क के निर्माण और प्रत्येक घर को सीवर कनेक्शन से जोड़ने के लिए शासन ने 190.09 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जिसमें से 35.09 करोड़ रुपये की प्रथम किस्त जारी कर दी गई है। इस योजना के तहत रामनगर के तीन वार्डों में लगभग 69.98 किलोमीटर ब्रांच सीवर लाइन और 3.4 किलोमीटर राइजिंग मेन लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा 10 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और दो सीवर पंपिंग स्टेशन (एसपीएस) का निर्माण भी किया जाएगा।

इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि क्षेत्र के 13,645 घरों को मुफ्त सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों को सीवर की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

सूजाबाद में 35 करोड़ से मजबूत होगी पेयजल आपूर्ति

इसी तरह सूजाबाद जोन में शुद्ध पेयजल आपूर्ति के विस्तार के लिए 34.77 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है, जिसमें से 6.42 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इस योजना के तहत नए क्षेत्रों में आधुनिक पेयजल पाइपलाइन नेटवर्क स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

18 प्रभावित वार्डों में भी बिछेगा नया नेटवर्क

शहर के 18 अति-प्रभावित वार्डों में सीवर और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 33.44 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है, जिसमें से 6.18 करोड़ रुपये की राशि अवमुक्त की जा चुकी है। इन क्षेत्रों में नई पाइपलाइन बिछाकर पुरानी और जर्जर पाइपलाइन को बदला जाएगा, जिससे सीवर ओवरफ्लो और जल आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं का समाधान होगा।

200 साल पुरानी पाइपलाइन से मिल रही थी परेशानी

वाराणसी के कई हिस्सों में सीवर और पेयजल पाइपलाइन लगभग 200 वर्ष पुरानी हो चुकी हैं। इसके कारण अक्सर सीवर ओवरफ्लो की समस्या सामने आती रही है। साथ ही पाइपलाइन में लीकेज के कारण लगभग 48 प्रतिशत पानी लाइन लॉस हो जाता है। नई पाइपलाइन बिछने से लाइन लॉस में भारी कमी आएगी और घरों तक पर्याप्त दबाव के साथ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

विकास कार्यों के लिए धन की नहीं होगी कमी

शासन के संयुक्त सचिव देवेश मिश्र द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि वाराणसी के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लागत में वृद्धि न हो और जनता को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।

प्रधानमंत्री कर सकते हैं परियोजनाओं का शुभारंभ

नगर निगम सूत्रों के अनुसार इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने की संभावना है। इससे वाराणसी के विकास को और गति मिलने की उम्मीद है।

महापौर ने बताया विकास का मील का पत्थर

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में काशी विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि अमृत-2.0 के तहत स्वीकृत परियोजनाएं शहर के विस्तारित क्षेत्रों की तस्वीर बदल देंगी और विशेष रूप से रामनगर एवं सूजाबाद की जनता को सीवर और पेयजल की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएंगे।

जनता को मिलेगा सीधा लाभ

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद वाराणसी के हजारों परिवारों को बेहतर सीवर सुविधा, स्वच्छ वातावरण और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा। साथ ही शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार होने से वाराणसी स्मार्ट और आधुनिक शहर के रूप में और सशक्त होकर उभरेगा।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को लेकर वाराणसी नगर निगम अलर्ट, अपर नगर आयुक्त ने की समीक्षा

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button